भोपालगढ़ में स्कॉर्पियो ठगी के आरोपी प्रिंस सैनी का जुलूस, पुलिस ने भीड़ को संभालने के लिए रोका

भोपालगढ़। छह-छह लाख रुपए में लोगों को स्कॉर्पियो गाड़ी देने का झांसा देकर करीब ढाई सौ लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी प्रिंस सैनी का मंगलवार को एसओजी ने भोपालगढ़ कस्बे में जुलूस निकाला। इस दौरान आमजन को ऐसे ठगों और ठगी के प्रयासों से सावधान रहने का संदेश दिया गया। भीड़ जुलूस के दौरान बेकाबू हो गई, जिसके चलते पुलिस और एसओजी को जुलूस बीच में ही रोकना पड़ा।

मंगेतर और सहयोगी भी गिरफ्तार
भोपालगढ़ क्षेत्र के धोरू गांव निवासी बंसीलाल उर्फ प्रिंस सैनी को कुछ दिन पहले एसओजी ने गिरफ्तार किया था। इसी क्रम में उसकी मंगेतर ममता (जैतारण) और एक अन्य सहयोगी दिनेश बागड़ी (मेड़ता) को भी हिरासत में लिया गया।

जुलूस और भीड़ का हुजूम
कई दिनों की पूछताछ के बाद एसओजी की टीम ने डीएसपी रोहित श्रीवास्तव और सीआइ शेरसिंह के नेतृत्व में प्रिंस सैनी को भोपालगढ़ लेकर आई। पुलिस जाब्ते के साथ थाने से शाम करीब 4:45 बजे जुलूस रवाना हुआ, जो राजकीय अस्पताल, पंचायत समिति, बलदेवराम मिर्धा किसान सर्किल व लेवी स्मारक होते हुए इंदिरा सर्किल तक गया। जैसे ही भीड़ जुलूस की जानकारी पाई, वह उमड़ पड़ी और नारेबाजी करने लगी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने इंदिरा सर्किल से पहले ही जुलूस समाप्त कर प्रिंस को गाड़ी में वापस ले गई।

घर और अन्य ठिकानों का मुआयना
एसओजी ने प्रिंस को उसके धोरू गांव के पास रुदिया नाडा स्थित घर पर भी लेकर गई और वहां कई स्थानों का मौका मुआयना करवाया। इसमें स्कॉर्पियो गाड़ियां बांटने के लिए तैयार किए गए मैदान और अन्य ठिकानों की जानकारी भी ली गई। मौके पर भोपालगढ़, खेड़ापा और आसोप पुलिस थानों से अतिरिक्त जाब्ता भी तैनात रहा।

ठगी और जुलूस का पूर्व दृश्य
एसओजी के गिरफ्त में आने से पहले प्रिंस सैनी ने दान-पुण्य और इनाम के नाम पर लाखों रुपए बांटे थे। प्रतिभावान विद्यार्थियों को कार और बुलेट जैसी गाड़ियां इनाम में दी गई, जिससे उसकी भामाशाह जैसी छवि बन गई थी। पिछले दिनों जब वह भोपालगढ़ आया था, तो उसके स्वागत में जुलूस और पुष्प वर्षा का आयोजन किया गया था। मंगलवार को भीड़ आई, लेकिन उसका उत्साह पहले जैसा नहीं रहा।

सावधानी का संदेश
एसओजी और पुलिस ने जुलूस के माध्यम से आमजन को ऐसे ठगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के बड़े निवेश या झांसे में आने से बचने की सलाह दी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment