जयपुर। नगर निकाय एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में नगर निकाय चुनाव बहुत जल्द होने वाले हैं। उन्होंने बताया कि विभाग ने चुनावी तैयारियां पूरी कर ली हैं और प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। मंत्री खर्रा ने यह जानकारी एक निजी कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
विभाग ने पूरी कर ली तैयारी
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राज्य में निकाय चुनावों की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। निकायों के सीमा विस्तार से जुड़ा नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की नीति के तहत ही निकाय चुनाव कराए जाएंगे ताकि प्रशासनिक समन्वय और पारदर्शिता बनी रहे।
आयोग की रिपोर्ट के बाद शुरू होगी प्रक्रिया
मंत्री ने बताया कि फिलहाल सरकार अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग (OBC Commission) की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जैसे ही रिपोर्ट प्राप्त होगी, निकायों की लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी। इसके बाद प्रदेश में चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।
भीलवाड़ा प्रकरण पर दी सफाई
भीलवाड़ा में रियायती आवासीय भूखंड योजना की लॉटरी के दौरान हुए हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री खर्रा ने कहा कि यदि किसी आवेदक ने गलत दस्तावेज या झूठी जानकारी प्रस्तुत की है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि कई आवेदकों ने गलत तरीके से एसटी कोटे में आवेदन किया है। इस पर मंत्री ने यूआईटी सचिव को निर्देश दिए हैं कि संबंधित आवेदकों को नोटिस जारी कर साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा जाए, अन्यथा उनकी अमानत राशि जब्त कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
स्थानीय प्रतिनिधियों ने किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान सीकर नगर परिषद के सभापति जीवण खान, फतेहपुर पालिकाध्यक्ष मुश्ताक नजमी, लक्ष्मणगढ़ पालिकाध्यक्ष मुस्तफा कुरैशी और भाजपा नेता मधुसूदन भिंडा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मंत्री झाबर सिंह खर्रा का स्वागत किया और आगामी निकाय चुनावों को लेकर चर्चा की।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








