उदयपुर शहर में एक सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट आईटी कंपनी की मैनेजर के साथ चलती कार में कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। पीड़िता ने अपनी ही कंपनी के CEO, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना 20 दिसंबर की रात की बताई जा रही है, जबकि पीड़िता ने 23 दिसंबर को सुखेर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार 20 दिसंबर को कंपनी के CEO की बर्थडे और न्यू ईयर पार्टी एक होटल में आयोजित की गई थी। वह रात करीब 9 बजे पार्टी में पहुंची, जहां देर रात तक डांस और ड्रिंक का दौर चलता रहा। पार्टी में कंपनी के CEO, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसका पति भी मौजूद थे। देर रात युवती की तबीयत बिगड़ने लगी, जिस पर कुछ लोग उसे घर छोड़ने की बात करने लगे। इसी दौरान महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने खुद उसे घर छोड़ने की जिम्मेदारी ली।
रिपोर्ट के मुताबिक रात करीब 1.45 बजे महिला एग्जीक्यूटिव हेड पीड़िता को उसी की कार से घर छोड़ने के लिए निकली। कार में महिला एग्जीक्यूटिव हेड का पति और कंपनी का CEO भी सवार था। रास्ते में आरोप है कि तीनों ने एक दुकान से नशीला पदार्थ खरीदा और पीड़िता को पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। कुछ देर बाद होश आने पर उसने खुद को बेबस हालत में पाया।
पीड़िता ने बताया कि बार-बार अनुरोध करने के बाद तीनों ने सुबह करीब 5 बजे उसे घर छोड़ा। पूरी तरह होश में आने पर उसने देखा कि उसके शरीर पर चोटों के निशान थे और उसे असहनीय दर्द महसूस हो रहा था। इसके बाद उसने घटना की जानकारी जुटाई और सबूतों की जांच की।
पीड़िता का दावा है कि कार में लगे डैशकैम में ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें कथित आरोपियों की पूरी करतूत कैद हुई है। इस आधार पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और डैशकैम फुटेज सहित सभी सबूतों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। जांच की जिम्मेदारी एएसपी माधुरी वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न सिर्फ उदयपुर बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








