कोटा में ‘जीरो टॉलरेंस’ का सख्त संदेश: हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा के अवैध मकान पर चला बुलडोजर

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में प्रशासन ने अपराध और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई की। सांगोद क्षेत्र में नगर पालिका प्रशासन ने हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा के अवैध रूप से बने आलीशान मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रशासन के अनुसार, आदिल मिर्जा ने सांगोद नगरपालिका क्षेत्र के अमृतखेड़ी गांव में करीब 225 गज सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बना रखा था। अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले ही नोटिस चस्पा किया गया था, लेकिन तय समय सीमा में निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद नगर पालिका ने पुलिस बल की मौजूदगी में सख्त कदम उठाते हुए तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान आदिल के एक रिश्तेदार के अवैध निर्माण को भी बुलडोजर से गिराया गया।


कड़ी सुरक्षा में हुई कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कई थानों के थानाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध अतिक्रमण और अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा कोटा जिले में फायरिंग और जानलेवा हमलों की कई वारदातों में शामिल रहा है। उसकी संपत्तियों को पहले ही चिह्नित किया जा चुका था। सांगोद तहसील के अमृतखेड़ी गांव में अतिक्रमण कर बनाए गए मकान को हटाने के लिए तीन दिन की मोहलत दी गई थी। तय समय में आदेश की पालना नहीं होने पर प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया।


कौन है हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा

हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा मोडक क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस पर फायरिंग कर फरार रहने के बाद उसे 11 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। 45 वर्षीय आदिल मिर्जा के खिलाफ फायरिंग, जानलेवा हमला, एससी-एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कुल 34 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उसके खिलाफ पहला मामला वर्ष 1996 में दर्ज हुआ था, जब वह नाबालिग था। साल 2020 तक ही उस पर 30 केस दर्ज हो चुके थे, जबकि बीते एक महीने में चार नए मामले और जुड़े हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे साफ है कि कानून तोड़ने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं दी जाएगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment