अपनी बेबाक लेखनी और हाजिरजवाबी के लिए मशहूर अभिनेत्री और लेखिका ट्विंकल खन्ना (Mrs Funnybones) एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। रविवार, 29 मार्च को ट्विंकल ने इंस्टाग्राम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कार्यशैली और भारत के प्रधानमंत्री की कूटनीति पर चुटकी लेते हुए एक लंबा पोस्ट साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया है।
ट्रंप की कूटनीति और पर्ल हार्बर का जिक्र
ट्विंकल ने अपने पोस्ट की शुरुआत काफी मजाकिया लहजे में की। उन्होंने लिखा, “डोनाल्ड ट्रंप हमारी रसोई में घुस आए हैं।” एक्ट्रेस ने इस सप्ताह की अंतरराष्ट्रीय हलचलों को ‘ग्लोबल गरबा’ करार दिया। उन्होंने एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि ट्रंप जापान के प्रधानमंत्री के सामने बैठकर ‘पर्ल हार्बर’ को लेकर मजाक कर रहे हैं। ट्विंकल के अनुसार, पहले की सरकारों में डिप्लोमेसी (कूटनीति) सक्रिय दिखती थी, लेकिन अब ऐसा लगता है जैसे ट्रंप ने उसे देश से बाहर निकाल दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ: क्या है ‘ग्लोबल गरबा’?
ट्विंकल ने वैश्विक नेताओं के साथ तालमेल बिठाने की भारतीय प्रधानमंत्री की कला की जमकर सराहना की। उन्होंने इसे ‘ग्लोबल गरबा’ का नाम देते हुए लिखा: “मुझे अपने प्रधानमंत्री की तारीफ करनी ही पड़ेगी। वह पुतिन की पीठ थपथपा रहे हैं, ईरान के प्रति सहानुभूति जता रहे हैं, इजरायल के साथ सहमति में सिर हिला रहे हैं और ट्रंप को गले लगा रहे हैं। सिर्फ गुजराती ही जानते हैं कि किसी के पैर पर पैर रखे बिना, एक समूह में गोल-गोल कैसे घूमा जाता है।”
गलत एक्सपर्ट्स को फॉलो कर रही हूँ
ट्रंप की जीवनशैली पर तंज कसते हुए ट्विंकल ने लिखा कि वह खुद सलाद और ग्रिल्ड पनीर जैसे ‘बोरिंग’ लंच खाती हैं, जबकि 79 साल की उम्र में भी ट्रंप सिर्फ डाइट कोक और फ्राइड चिकन पर जिंदा हैं। ट्विंकल ने हैरानी जताते हुए कहा कि बिना कसरत किए भी उनमें एक ‘जवान ओरंगुटान’ जैसी ऊर्जा है, जिससे वे ग्लोबल मार्केट को हिला देते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “शायद मैं लंबी उम्र के लिए गलत एक्सपर्ट्स को फॉलो कर रही हूं।”
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
ट्विंकल खन्ना ने अपने पोस्ट के अंत में फैंस से एक सवाल भी पूछा— “क्या आप अपने फ्रेंड सर्किल में ऐसे इंसान हैं जो किसी को नाराज नहीं करता, या आप वो हैं जो अपनी बात डायरेक्ट बोल देता है?” इस पोस्ट पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग उनके ह्यूमर की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक चश्मे से देख रहे हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।






