Jaipur News: राजस्थान के पंचायतीराज चुनाव 2026 के नतीजों ने प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। चुनाव परिणामों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार के कई मंत्रियों के राजनीतिक प्रभाव और चुनावी दावों को बड़ा झटका लगा है। खास बात यह है कि कई मंत्रियों के गृह क्षेत्र और प्रभार वाले जिलों में ही भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस ने इन इलाकों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर से लेकर खाद्य मंत्री सुमित गोदारा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम तक के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भाजपा अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी। वहीं, कुछ मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने अपनी पकड़ बरकरार रखी। पंचायत चुनाव के ये नतीजे अब मंत्रियों के राजनीतिक प्रभाव को लेकर भी चर्चा का विषय बन गए हैं।
खींवसर के क्षेत्र में भाजपा को सिर्फ 2 सीटें
चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के प्रभार वाले फलौदी जिले में कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया। जिला परिषद के 23 वार्डों में से कांग्रेस ने 21 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को केवल 2 सीटों से संतोष करना पड़ा। इतना ही नहीं, खींवसर के विधानसभा क्षेत्र लोहावट में भाजपा एक भी जिला परिषद वार्ड नहीं जीत सकी।
जोगाराम पटेल के गृह क्षेत्र में कांग्रेस आगे
विधि मंत्री जोगाराम पटेल के गृह क्षेत्र लूणी में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। यहां कांग्रेस ने 10 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा केवल 6 सीटें जीत पाई। जोधपुर जिले के जिला परिषद चुनाव में भी कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा से कहीं बेहतर रहा। कुल 43 वार्डों में कांग्रेस ने 32 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा को महज 8 सीटें मिलीं।
कन्हैयालाल चौधरी के क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त
जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। यहां की तीन पंचायत समितियों में से टोडारायसिंह और पचेवर में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया। मालपुरा में भाजपा 15 वार्डों में से 7 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी, लेकिन बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। कांग्रेस को 6, जबकि आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों को एक-एक सीट मिली।
जवाहर सिंह बेढम के क्षेत्र में भाजपा का खराब प्रदर्शन
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के प्रभाव वाले डीग जिले के बृजनगर विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा पिछड़ गई। यहां जिला परिषद की 6 सीटों में से कांग्रेस ने 5 और भाजपा ने केवल एक सीट जीती। पंचायत समिति के 29 सदस्यों में कांग्रेस के 15 और निर्दलीय के 9 प्रत्याशी विजयी रहे। भाजपा को महज 4 सीटें मिलीं।
किरोड़ीलाल मीणा के क्षेत्र में कांग्रेस का दबदबा
कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के क्षेत्र सवाईमाधोपुर में भी कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया। जिला परिषद के 23 वार्डों में भाजपा केवल 6 सीटें जीत पाई, जबकि कांग्रेस ने 15 सीटों पर कब्जा जमाया। दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। वहीं, मलारना डूंगर पंचायत समिति के 17 वार्डों में कांग्रेस ने 15 सीटें जीतकर अपना दबदबा कायम किया।
केके विश्नोई के क्षेत्र में भाजपा की बड़ी जीत
जहां कई मंत्रियों के क्षेत्रों में भाजपा को हार मिली, वहीं उद्योग राज्य मंत्री केके विश्नोई के विधानसभा क्षेत्र गुड़ामालानी में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया। जिला परिषद के 7 वार्डों में से भाजपा ने 4 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी। पंचायत समिति के 17 वार्डों में भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बढ़त बनाई।
जोराराम के क्षेत्र में कांग्रेस ने छीनी बढ़त
गोपालन मंत्री जोराराम के प्रभाव वाले सुमेरपुर क्षेत्र में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया। जिला परिषद के चार वार्डों में कांग्रेस ने तीन और भाजपा ने एक सीट जीती। पंचायत समिति के 21 वार्डों में भी कांग्रेस ने 14 सीटों पर जीत हासिल कर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई।
सुमित गोदारा और मंजू बाघमार के क्षेत्रों में भी BJP पिछड़ी
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के विधानसभा क्षेत्र लूणकरनसर में कांग्रेस ने पंचायत समिति की 27 सीटों में से 17 पर जीत दर्ज की। भाजपा को यहां केवल 9 सीटें मिलीं। महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार के क्षेत्र जायल पंचायत समिति में भी भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा। यहां कुल 19 वार्डों में भाजपा को सिर्फ 4 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस और आरएलपी ने 7-7 सीटों पर जीत दर्ज की।
विजय सिंह चौधरी के क्षेत्र में कांग्रेस और RLP का दबदबा
सैनिक कल्याण मंत्री विजय सिंह चौधरी के क्षेत्र नावां पंचायत समिति में भी भाजपा को बड़ा नुकसान हुआ। यहां कुल 21 वार्डों में भाजपा केवल 3 सीटें जीत सकी। कांग्रेस ने 10 और आरएलपी ने 8 सीटों पर कब्जा जमाया।
हेमंत मीणा के क्षेत्र में कांग्रेस और BAP बराबरी पर
राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के प्रभाव वाले प्रतापगढ़ जिले में जिला परिषद की 25 सीटों के नतीजों में कांग्रेस ने 11 सीटें जीतीं। भाजपा और भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) को 7-7 सीटें मिलीं। हालांकि, मंत्री के रिश्तेदार कल्पना मीणा चुनाव जीतने में सफल रहीं।
मंत्रियों के लिए पंचायत चुनाव के नतीजे बड़ा राजनीतिक संदेश
राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों ने भाजपा के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिन मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों और गृह जिलों में पार्टी को हार मिली है, वहां संगठन और सरकार की रणनीति पर चर्चा तेज होना तय है। दूसरी ओर कांग्रेस इन परिणामों को ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी मजबूत होती पकड़ के तौर पर पेश कर सकती है। अब देखना होगा कि पंचायत चुनाव में मिली हार के बाद भाजपा संगठन और भजनलाल सरकार अपने मंत्रियों के प्रदर्शन की क्या समीक्षा करती है और आगामी चुनावों से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी खोई हुई सियासी जमीन वापस पाने के लिए क्या कदम उठाती है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







