राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांगठकलां में आयोजित हुआ लोकार्पण-शिलान्यास समारोह 

 

राजसमंद, 6 मई। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार सुबह राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांगठकला में आयोजित भव्य समारोह में 67 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में सुबह से ही ग्रामीणों का पहुंचना शुरू हो गया था और करीब 5 हजार के आसपास लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को जनसैलाब में बदल दिया। उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण बन गया। विधायक दीप्ति माहेश्वरी भी सुबह से ही समारोह स्थल पर पहुंची और खुद उपस्थित रह कर प्रत्येक व्यवस्था को संभाला।

इस विशेष अवसर पर राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, कार्यक्रम संयोजक एवं सूत्रधार राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, पूर्व प्रधान अरविन्द सिंह राठौड़, पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, श्यामसुंदर पालीवाल (पद्मश्री), एसडीएम बृजेश गुप्ता, तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह, विकास अधिकारी भवानी शंकर, पीडबल्यूडी एसई आर एल मेहता, एक्सईएन (राजसमंद) हीरा लाल साल्वी, एक्सईएन (नाथद्वारा) भानु माथुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सांगठकला से सहाडा गंगापुर वाया साकरोदा, सुन्दरचा, तासोल, खटामला एवं बिनोल तक 28.90 किलोमीटर लंबाई के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ाईकरण कार्य रहा, जिसकी लागत 47.96 करोड़ रुपये है। इसके अतिरिक्त पुठोल में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन का उद्घाटन भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किए गए लोकार्पण कार्यों में पसुन्द में श्मशान से तलाई कुआ राजकीय प्राथमिक विद्यालय तक 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित बीटी सड़क, सापोल से आत्मा रोड तक 3 करोड़ रुपये की लागत से बीटी सड़क निर्माण तथा एमड़ी में जे.के. स्कूल से भट्टखेड़ा मार्ग तक नहर के साथ 2.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सड़क शामिल हैं। वहीं शिलान्यास किए गए कार्यों में पुठोल क्षेत्र के बागोटा में खरवड़ों की भागल से सालवी बस्ती एवं गुर्जरों की भागल तक 50 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण, 2.50 करोड़ रुपये की लागत से झांझर से पोदावली मार्ग वाया कलखेत सड़क निर्माण, 3 करोड़ रुपये की लागत से सांगठकला के बीड़ों की भागल से गोवल तक बीटी सड़क निर्माण, 1.59 करोड़ रुपये की लागत से सांगठकला में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के नवीन भवन का निर्माण तथा 5.11 करोड़ रुपये की लागत से सांगठ बांध एवं नहर प्रणाली के जीर्णोद्धार कार्य शामिल हैं। इस प्रकार कुल 67.46 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए।

इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा, आवागमन सुगम बनेगा तथा स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा। उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश के साथ-साथ राजसमंद में भी विकास कार्यों को गति मिली है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के समग्र कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के सशक्तिकरण हेतु विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं, जिससे आमजन के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।

सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार प्रत्येक व्यक्ति के समग्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे और समाज के सभी वर्गों को समान अवसर प्राप्त हो सकें। सांसद ने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा एवं कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

विधायक श्रीमती दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि डबल इंजिन की सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचे और हर वर्ग को उसका वास्तविक अधिकार मिल सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि राजसमंद विधानसभा क्षेत्र में भी निरंतर विकास की नई इबारत लिखी जा रही है, जहां गांव-गांव तक सड़क संपर्क मजबूत हो रहा है, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है और शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को उन्नत बनाया जा रहा है। पेयजल व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के साथ ही आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाए, जिससे हर नागरिक को बेहतर, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें तथा समृद्ध और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण हो।

विधायक श्रीमती दीप्ति माहेश्वरी ने जनहित के कार्यों में सदैव सहयोग एवं आशीर्वाद प्रदान करने के लिए उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन, सहयोग एवं स्नेहपूर्ण आशीर्वाद से क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है और अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मूर्त रूप मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी प्रकार का सहयोग आगे भी मिलता रहेगा, जिससे राजसमंद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का और अधिक विस्तार होगा तथा आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

PRADEEP SOLANKI
Author: PRADEEP SOLANKI

Leave a Comment