पुश्तैनी कब्जे की भूमि निजी कंपनी के नाम दर्ज करने का ग्रामीणों ने जताया विरोध

कुंभलगढ़। तहसील क्षेत्र के ग्राम उंडडो की भागल स्थित भूमि को निजी कंपनी के नाम दर्ज किए जाने की आशंका को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपकर वर्षों से कब्जे एवं उपयोग में ली जा रही भूमि को किसी अन्य के नाम दर्ज नहीं करने की गुहार लगाई है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया कि पटवार हल्का कड़िया, तहसील कुंभलगढ़, जिला राजसमंद स्थित विभिन्न खसरा नंबरों की भूमि पर ग्रामीण एवं उनके परिवारजन कई वर्षों से काबिज हैं तथा खेती और निवास के रूप में उसका उपयोग करते आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि को उन्होंने वर्षों की मेहनत से काबिल काश्त बनाया है और उनके मकान भी उसी भूमि पर बने हुए हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाल ही में पटवारी एवं आरआई द्वारा मौके पर पहुंचकर मौका पर्चा तैयार किया गया, जिससे उन्हें जानकारी मिली कि उक्त भूमि को किसी निजी कंपनी के नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसा हुआ तो वे बेघर हो जाएंगे और उन्हें दर-दर भटकना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी पुश्तैनी कब्जे की भूमि को किसी निजी कंपनी के नाम दर्ज नहीं किया जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।

PRADEEP SOLANKI
Author: PRADEEP SOLANKI

Leave a Comment