जयपुर हादसा: MBBS छात्र की कार से टक्कर के बाद युवक ने तोड़ा दम, जांच शुरू

जयपुर। राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रामनगरिया थाना क्षेत्र के महल रोड स्थित अक्षयपात्र चौराहे के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक करीब 150 मीटर तक घिसटती चली गई। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में कार चला रहे एमबीबीएस छात्र पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप लगे हैं।

पुलिस के अनुसार दौसा निवासी 28 वर्षीय राकेश मीणा अपने परिवार के साथ जगतपुरा के आरती नगर में रह रहे थे। रविवार देर रात वह कुंभा मार्ग से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाए नशे में ड्राइविंग के आरोप

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार को रुकवाया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि वाहन में तीन युवक सवार थे और कार में बीयर की बोतलें तथा केन रखी हुई थीं। लोगों का कहना है कि युवक नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चला रहा युवक सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल का एमबीबीएस छात्र है। शिवदासपुरा थाना प्रभारी मनोहर ने बताया कि दुर्घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई।

पहले भी कट चुके हैं ओवरस्पीड चालान

पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल कार मालवीय नगर निवासी दलजीत कौर के नाम पंजीकृत है। जांच में पता चला है कि इस वाहन के पहले भी दो बार ओवरस्पीड के चालान काटे जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

मृतक के परिजनों ने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अस्पताल में अव्यवस्था और शव के साथ छेड़छाड़ के आरोप भी लगाए हैं। मृतक के पिता मुरलीधर मीणा ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार थाने और अस्पताल के बाहर धरना देगा। परिजनों के अनुसार राकेश मीणा पांच दिन पहले ही अपनी पत्नी और दो बेटों दक्ष तथा कृष्णा के साथ ब्यावर से जयपुर आए थे।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार को माना जा रहा है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment