भरतपुर में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, भतीजे ने चाचा को मारी गोली, मौके पर मौत

भरतपुर। जिले के उच्चैन थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने बुधवार को खूनी रूप ले लिया। चकसेना गांव में भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी हथियार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों और जंगल क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9 बजे चकसेना गांव निवासी 70 वर्षीय साहब सिंह और उनके भतीजे अनिल उर्फ अन्नू (38) के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर अनिल ने अवैध हथियार निकाल लिया और अपने चाचा पर गोली चला दी।

गोली लगते ही साहब सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। ग्रामीणों ने घायल को तत्काल उच्चैन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही उच्चैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अनिल करीब दो वर्ष पहले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की नौकरी छोड़कर गांव लौटा था। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आसपास के जंगलों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी उसकी तलाश की जा रही है। डीएसपी सुरेश कुड़ी ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद भागते समय घटना में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा और अपना मोबाइल घर के पास ही फेंक गया था। पुलिस ने दोनों को बरामद कर जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस विभाग में तैनात है मृतक का बेटा

ग्रामीणों के अनुसार मृतक साहब सिंह का बेटा धौलपुर जिले में पुलिस विभाग में कार्यरत है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई है, लेकिन मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment