देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों को लेकर छात्रों और अभिभावकों में बढ़ते आक्रोश के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके 6 जून को दिल्ली में बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। इस प्रदर्शन से पहले एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित उनके परिवार ने सुरक्षा कारणों के चलते अपना निवास बदल लिया है।
परिवार ने चुपचाप बदला ठिकाना
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिजीत दीपके के घर के बाहर पुलिस बल तैनात है, लेकिन फिलहाल मकान में कोई नहीं रह रहा है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य कुछ दिन पहले ही चुपचाप किसी अन्य स्थान पर चले गए थे। हालांकि उन्होंने कहां शिफ्ट किया है, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह कदम सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। हालांकि परिवार की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत या खतरे की पुष्टि नहीं की गई है।
6 जून को दिल्ली में होगा विरोध मार्च
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से 6 जून को दिल्ली एयरपोर्ट पर एकत्र होने की अपील की है। वह अमेरिका से उसी दिन भारत लौट रहे हैं। उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर एयरपोर्ट से जंतर-मंतर तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। दीपके का दावा है कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगा तथा इसका उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना है।
बेटे को लेकर चिंतित हैं पिता
अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके ने बेटे के आंदोलन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। उन्होंने कहा कि एक पिता होने के नाते उन्हें बेटे की सुरक्षा और भविष्य की चिंता है। भगवानराव दीपके के अनुसार, शुरुआत में उन्होंने अभिजीत को इस अभियान से दूर रहने की सलाह दी थी, लेकिन अब जब उन्होंने अपना निर्णय ले लिया है तो परिवार इस मामले में ज्यादा हस्तक्षेप नहीं करना चाहता। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को अब तक किसी प्रकार की धमकी नहीं मिली है।
गिरफ्तारी के लिए भी तैयार हैं अभिजीत!
मानवाधिकार कार्यकर्ता और अधिवक्ता आसिम सरोदे ने दावा किया है कि अभिजीत दीपके ने उनसे संपर्क कर आंदोलन के लिए समर्थन मांगा है। सरोदे के अनुसार, अभिजीत किसी भी संभावित कानूनी कार्रवाई या गिरफ्तारी का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल NEET परीक्षा में शामिल होने वाले लगभग 30 लाख छात्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिवारों को मिलाकर 70 से 80 लाख लोगों की चिंताओं से जुड़ा हुआ है।
कई प्रमुख हस्तियों को भेजा न्योता
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके ने शिक्षा सुधार और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर कई प्रमुख हस्तियों को आंदोलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। इनमें शिक्षाविद सोनम वांगचुक, अभिनेता प्रकाश राज, सामाजिक कार्यकर्ता विश्वंभर चौधरी और वरिष्ठ पत्रकार निखिल वागले जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य कोई नया राजनीतिक दल खड़ा करना नहीं है। उनका कहना है कि वे केवल शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग को लोकतांत्रिक तरीके से उठाना चाहते हैं। 6 जून को प्रस्तावित इस प्रदर्शन पर अब देशभर के छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







