जोधपुर में गैंगवार का खूनी अंजाम: फायरिंग और हमले में विक्की फाइटर की मौत, एक युवक गंभीर

जोधपुर। शहर के देवनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। बॉम्बे मोटर से 12वीं रोड के बीच हथियारबंद बदमाशों ने एसयूवी सवार दो युवकों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने फायरिंग की, वाहन में तोड़फोड़ की और दोनों युवकों के साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में घायल हुए विक्की फाइटर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि सन्नी हंस की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे शहर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।

मोटरसाइकिलों पर आए बदमाशों ने बोला हमला

पुलिस के अनुसार, विक्की फाइटर और सन्नी हंस एसयूवी में सवार थे। इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर आए हथियारबंद बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले वाहन के शीशे तोड़े और फिर फायरिंग शुरू कर दी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को तत्काल मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शनिवार सुबह विक्की फाइटर ने दम तोड़ दिया। वहीं सन्नी हंस का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि विक्की के सिर में और सन्नी के पीठ में गोली लगी थी।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पूरी घटना पास के एक कॉम्प्लेक्स में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि हमला होते ही दोनों युवक जान बचाने के लिए भागने लगे। एक युवक बॉम्बे मोटर चौराहे की ओर दौड़ा, जबकि दूसरा नजदीकी कॉम्प्लेक्स की तरफ भागा, लेकिन गिर पड़ा। इसके बावजूद बदमाश लगातार उस पर हमला करते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब तीन राउंड फायरिंग भी की। पुलिस ने मौके से छर्रे और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नमूने जुटाए हैं।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

एसीपी पश्चिम नरेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। हमलावरों की पहचान विशाल पंडित, चिकू, अजय घारू और सुनीत तेजी के रूप में हुई है, जो कथित रूप से मोंटू कंडारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, करीब दो महीने पहले सन्नी हंस के भाई राहुल और संजय मेघवाल के बीच मारपीट हुई थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए इस हमले को अंजाम दिया गया।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें

घटना के बाद राजीव गांधी नगर, कुड़ी और प्रताप नगर सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शहरभर में नाकाबंदी कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment