सिरोही। राजस्थान के सिरोही जिले में बरलूट थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या को प्राकृतिक मौत बताने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पहले पत्नी का गला दबाकर हत्या की और फिर उसे हार्ट अटैक से हुई मौत बताकर परिजनों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में जावाल निवासी 36 वर्षीय गजेंद्र सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज
पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 11 जुलाई को मृतका पूनम कंवर के भाई भारत सिंह ने बरलूट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करता था और उसकी हत्या कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी डीएसपी मुकेश चौधरी को सौंपी गई।
हार्ट अटैक की कहानी सुनाकर किया गुमराह
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पति ने पुलिस को बताया था कि वह पत्नी के साथ उदयपुर से जावाल लौट रहा था, तभी रास्ते में पूनम कंवर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। दूसरी ओर, मृतका के चचेरे भाई जबर सिंह ने मौत पर संदेह जताते हुए मर्ग दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
कोयंबटूर से लौटते समय की वारदात
जांच में सामने आया कि गजेंद्र सिंह और उसकी पत्नी तमिलनाडु के कोयंबटूर में रहते थे। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, दोनों 9 जुलाई को कोयंबटूर से राजस्थान लौटे थे। उदयपुर पहुंचने के बाद रात में जावाल जाते समय गोगुंदा क्षेत्र के पास आरोपी ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने रात करीब डेढ़ बजे हार्ट अटैक से मौत की झूठी कहानी बनाकर परिजनों और पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास किया।
बार-बार बदलते बयान से खुला मामला
जांच के दौरान आरोपी ने घटना को लेकर कई बार अलग-अलग बयान दिए, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा हो गया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और अन्य जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं। जांच में स्पष्ट हो गया कि पूनम कंवर की मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







