बांकीपुर रण में BJP की पूरी ताकत, राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर भोजपुरी स्टार तक करेंगे प्रचार

पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तर के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ लोकप्रिय कलाकारों और जनप्रतिनिधियों को भी मैदान में उतारा है। सभी स्टार प्रचारक बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे।

नितिन नवीन और सम्राट चौधरी संभालेंगे प्रचार की कमान

बीजेपी द्वारा जारी सूची में सबसे ऊपर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम है। उनके बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को प्रमुख जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा स्टार प्रचारकों में विनोद तावड़े, दीपक प्रकाश, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राधा मोहन सिंह, संजय जायसवाल, रविशंकर प्रसाद, सतीश चंद्र दुबे, राजभूषण चौधरी और मंगल पांडेय जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी शामिल किया गया है।

मनोज तिवारी, पवन सिंह और मैथिली ठाकुर भी करेंगे प्रचार

बीजेपी ने चुनाव प्रचार में लोकप्रिय चेहरों को भी शामिल किया है। सूची में सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी, भोजपुरी गायक पवन सिंह और पहली बार विधायक बनीं मैथिली ठाकुर का नाम भी प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा दिलीप जायसवाल, अश्विनी कुमार चौबे, विजय कुमार सिन्हा, प्रमोद चंद्रवंशी, जीवेश कुमार, जनक राम, रामकृपाल यादव, मिथिलेश तिवारी, केदार प्रसाद गुप्ता, लखेंद्र पासवान, संजीव चौरसिया, रेणु देवी, शिला प्रजापति, कृष्ण कुमार, संजय गुप्ता, रत्नेश कुमार, मनोज शर्मा, सीता साहू, रेशमी चंद्रवंशी, आनंद मिश्रा, सरोज रंजन पटेल, बलराम मंडल, सुषमा साहू और रूप नारायण मेहता भी प्रचार अभियान का हिस्सा होंगे।

अभिषेक कुमार बंटी भी करेंगे प्रचार

बांकीपुर सीट से बीजेपी ने पहले अभिषेक कुमार बंटी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बाद में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। अब उन्होंने पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में पूरी ताकत से प्रचार करने की घोषणा की है। अभिषेक कुमार बंटी ने कहा कि वह एनडीए उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से बीजेपी प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील भी की।

बांकीपुर सीट पर दिलचस्प मुकाबला

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दल अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार अभियान चला रहे हैं। बीजेपी ने स्टार प्रचारकों की लंबी सूची जारी कर चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है। अब सभी की नजरें चुनाव प्रचार और मतदान पर टिकी हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment