जयपुर: राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में मेडिकल ऑफिसरों की कमी जल्द दूर होने की उम्मीद है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने चिकित्सा अधिकारियों के 600 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन पदों पर भर्ती के लिए जल्द ही विज्ञप्ति जारी की जाएगी। मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि 600 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे सरकारी चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार मिल सकेगा।
सरकारी अस्पतालों में बढ़ेगी डॉक्टरों की उपलब्धता
मंत्री खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों सहित विभिन्न संवर्गों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। नई भर्ती से खासतौर पर उन सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जहां मेडिकल ऑफिसरों की कमी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्वास्थ्य विभाग में 39,288 पदों पर हो चुकी नियुक्तियां
मंत्री खींवसर के अनुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न संवर्गों के 39,288 पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति की कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 208 चिकित्सा अधिकारी (दंत), 1699 चिकित्सा अधिकारी और 19,240 अराजपत्रित संवर्ग के पद शामिल हैं। इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा संवर्ग में सहायक आचार्य के 14 पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 18,126 पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
सरकार का विशेष ध्यान ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त चिकित्सकीय मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर है। मंत्री ने कहा कि डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या बढ़ने से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा। इससे मरीजों को अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ‘निरामय राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और मानव संसाधन की उपलब्धता पर लगातार काम कर रही है।
Food Safety Officers के वेतन को लेकर भी निर्देश
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने नवचयनित Food Safety Officers के वेतन से जुड़े मामले को भी गंभीरता से लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों ने ज्वाइन कर लिया है, उनके वेतन भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को ज्वाइनिंग कर चुके खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी कर जल्द वेतन जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नवचयनित Food Safety Officers को जल्द ही पदस्थापित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नए नियुक्त अधिकारियों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े और वे जल्द अपनी जिम्मेदारियां संभाल सकें।
600 नई भर्तियों से मरीजों को मिलेगी राहत
राजस्थान सरकार की ओर से 600 मेडिकल ऑफिसरों की भर्ती को मंजूरी ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने में मदद मिलने की उम्मीद है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







