राजस्थान पुलिस का अपराधियों पर बड़ा एक्शन, 20 दिन में 1624 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार

जयपुर: राजस्थान पुलिस की ओर से पूरे प्रदेश में 20 जुलाई से चलाए जा रहे एक महीने के विशेष अभियान में अपराधियों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का असर दिखाई दे रहा है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में सभी पुलिस रेंज और पुलिस आयुक्तालयों में एक साथ चल रहे इस अभियान के तहत हार्डकोर अपराधियों, नशा तस्करों, साइबर अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। पिछले 20 दिनों में पुलिस ने विभिन्न श्रेणियों में बड़ी संख्या में कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस के मुताबिक अभियान आगे भी जारी रहेगा।

2085 कार्रवाई, 1624 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार

विशेष अभियान के दौरान प्रदेशभर में 2067 हार्डकोर अपराधियों की पहचान की गई। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कुल 2085 कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस दौरान 1624 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा कई स्थानों पर निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान प्रभावी साबित हो रहा है और आगे भी लगातार जारी रहेगा। राजस्थान पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ भी बड़े स्तर पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान 848 NDPS प्रकरण दर्ज किए गए और 1158 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने पर विशेष ध्यान दिया गया। वाणिज्यिक मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले और बड़े तस्करों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अवैध हथियारों के खिलाफ 319 प्रकरण दर्ज किए गए और 396 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

साइबर अपराधियों पर भी शिकंजा

साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तक 624 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े मामलों में 8 करोड़ 24 लाख 15 हजार 336 रुपये होल्ड कराए। इसके अलावा पीड़ितों को 2 करोड़ 91 लाख 63 हजार 333 रुपये वापस दिलाए गए। पुलिस साइबर हॉटस्पॉट की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ साइबर अपराध नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। अवैध खनन के खिलाफ भी पुलिस ने 650 प्रकरणों में कार्रवाई की है।

7 लाख से ज्यादा वाहनों की जांच

अपराधियों पर नजर रखने के लिए पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर नाकाबंदी की गई। पुलिस ने 9663 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 7 लाख 4 हजार 594 वाहनों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 2 लाख 32 हजार 58 कार्रवाई की गई। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में 16,874 कार्रवाई, बिना हेलमेट 1,74,904, बिना सीट बेल्ट 13,832, काली फिल्म के 12,241 और ओवरलोडिंग के 19,213 मामलों में कार्रवाई की गई। तेज गति से वाहन चलाने के मामलों में 1,13,651 कार्रवाई की गई, जबकि BNS की धारा 170 के तहत 10,226 कार्रवाई की गई।

महिला सुरक्षा पर भी विशेष फोकस

विशेष अभियान में महिला सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई। पुलिस ने महिला सुरक्षा से जुड़े 2835 मामलों में प्रभावी कार्रवाई की। इसके अलावा आमजन को जागरूक करने के लिए प्रदेशभर में 7545 स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए गए। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से 1060 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (CLG) बैठकों का आयोजन भी किया गया।

अलग-अलग रेंज में भी बड़ी कार्रवाई

अभियान के दौरान प्रदेश की विभिन्न पुलिस रेंज और आयुक्तालयों ने भी प्रभावी कार्रवाई की। अजमेर रेंज ने हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ 841 कार्रवाई करते हुए 609 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसी तरह उदयपुर रेंज में 316, जयपुर आयुक्तालय में 206 और भरतपुर रेंज में 205 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। बीकानेर रेंज ने NDPS एक्ट के तहत 206 मामले दर्ज कर 273 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। भरतपुर रेंज ने अवैध हथियारों के खिलाफ 95 कार्रवाई की। साइबर अपराध के खिलाफ जयपुर रेंज ने 139 मामले दर्ज कर 158 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, बीकानेर रेंज ने BNS की धारा 170 के तहत 2464 कार्रवाई की।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस राज्य सरकार की अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है, ताकि अपराधियों में कानून का भय पैदा हो और आमजन में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हो। DGP ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए इसी तरह सख्ती से कार्रवाई करती रहेगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment