ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, धोनी का रिकॉर्ड किया ध्वस्त, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय विकेटकीपर

कोलंबो। जब भारतीय टीम के स्पाइडर मैन क्रीज पर हों और कोई नया रिकार्ड ना बने एसा बहुत कम देखने को मिलता है।   भारत और श्रीलंका के बीच सिंहली क्रिकेट क्लब स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। पंत विदेशी धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

ऋषभ पंत ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड

ऋषभ पंत ने सोमवार को कोलंबो टेस्ट में 89 गेंदों पर 63 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने विदेशी धरती पर अपने 2500 टेस्ट रन पूरे कर लिए। पंत के नाम अब विदेशी मैदानों पर 2501 टेस्ट रन* दर्ज हो गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम था, जिन्होंने घर से बाहर टेस्ट मैचों में 2496 रन बनाए थे। पंत ने यह उपलब्धि करीब 41.68 की औसत से हासिल की है, जबकि धोनी का विदेशी धरती पर बल्लेबाजी औसत 32.84 रहा है।

विदेशी जमीन पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर
खिलाड़ी रन औसत
ऋषभ पंत 2501* 41.68
एमएस धोनी 2496 32.84
फारुख इंजीनियर 1209 32.67
सैयद किरमानी 1109 21.74
किरण मोरे 901 29.06

बता दें की ऋषभ पंत की यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि वह टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हो गए थे। भारतीय पारी के 58वें ओवर में लाहिरू कुमारा की एक तेज और उछाल भरी गेंद सीधे उनकी कलाई पर लगी थी। चोट लगने के बाद पंत दर्द में नजर आए और फिजियो की जांच के बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। इसके बाद दूसरे दिन वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे और शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

देवदत्त पडिक्कल ने लगाया लगातार दूसरा शतक

भारतीय टीम की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 193 गेंदों में 117 रन बनाए और इस दौरान 12 चौके लगाए। पडिक्कल का यह लगातार दूसरा टेस्ट शतक रहा।कप्तान शुभमन गिल ने भी 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। यशस्वी जायसवाल ने 45, रवींद्र जडेजा ने 43 और केएल राहुल ने 18 रन बनाए। दूसरे दिन की शुरुआत में सारांश जैन 6 रन बनाकर असिथा फर्नांडो का शिकार बने। इसके बाद ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल ने भारतीय पारी को संभालते हुए सातवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की। पंत के इस रिकॉर्ड ने एक बार फिर विदेशी टेस्ट मैचों में भारतीय टीम के लिए उनके शानदार प्रदर्शन और अहमियत को साबित कर दिया है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment