Asian Games 2026: एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए में नेपाल और मेजबान जापान के बीच मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। बारिश के कारण मैच को 20 ओवर की जगह 15-15 ओवर का किया गया था। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 15 ओवर में 149 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हालांकि, इसके बाद लगातार बारिश के चलते जापान की पारी शुरू नहीं हो सकी और मुकाबला नो रिजल्ट घोषित कर दिया गया।
नेपाल की शुरुआत रही मुश्किल
जापान ने टॉस जीतकर नेपाल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नेपाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिरा। इसके बाद संदीप जोरा ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन बनाने शुरू किए। नेपाल की ओर से लोकेश बम ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 22 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए, जिसमें छह छक्के शामिल रहे। उनकी तूफानी पारी ने नेपाल के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। संदीप जोरा ने भी शानदार अर्धशतक जमाया और पारी को मजबूती दी। दोनों बल्लेबाजों की तेजतर्रार बल्लेबाजी की बदौलत नेपाल ने निर्धारित 15 ओवर में 149 रन बनाए और जापान के सामने 150 रन का लक्ष्य रखा।
जापान की गेंदबाजी में रियो सकुरा प्रभावी
जापान की ओर से रियो सकुरा ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में सिर्फ सात रन दिए। वहीं जापान के अन्य गेंदबाज नेपाल के बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने रन रोकने में संघर्ष करते नजर आए। बारिश के कारण मैच पहले ही करीब एक घंटे देरी से शुरू हुआ था। नेपाल की पारी समाप्त होने के बाद मौसम ने एक बार फिर खेल में खलल डाला और जापान की लक्ष्य का पीछा करने की पारी शुरू नहीं हो सकी।
नो रिजल्ट से नेपाल को फायदा
लगातार बारिश के चलते मुकाबला आगे नहीं बढ़ सका और इसे नो रिजल्ट घोषित कर दिया गया। इस परिणाम के बाद नेपाल ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। अब नेपाल का सामना क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका से होगा। वहीं ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली अफगानिस्तान की टीम का मुकाबला भारत से होगा। एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है। पुरुष क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले 28 और 29 सितंबर को खेले जाने हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








