एशियन गेम्स 2026: भारत ने शूटिंग में एक और पदक अपने नाम कर लिया है। महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भारतीय टीम ने रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। नीरू धांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम फाइनल में कुल 328 अंक हासिल किए। चीन ने 346 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कुवैत की टीम 325 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
नीरू धांडा ने दिखाया दमदार प्रदर्शन
फाइनल में नीरू धांडा भारतीय टीम की सबसे सफल निशानेबाज रहीं। उन्होंने पांच राउंड में क्रमशः 24, 24, 24, 23 और 23 अंक हासिल किए। नीरू के कुल 118 अंक रहे और वह टीम स्पर्धा में शीर्ष स्कोर करने वाली निशानेबाजों में शामिल रहीं। आशिमा अहलावत ने पांच राउंड में 20, 22, 23, 19 और 22 अंक हासिल किए, जबकि मनीषा कीर ने टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हुए अपने राउंड में 19, 21, 22 और 20 अंक जुटाए।
इंडिविजुअल फाइनल में भी नीरू की एंट्री
टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन का फायदा नीरू धांडा को व्यक्तिगत मुकाबले में भी मिला। नीरू ने 118 अंक के साथ महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। उनके साथ कतर की बेसिल रेय ने भी 118 अंक हासिल किए और दोनों संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहीं। भारतीय टीम की तीनों निशानेबाजों—नीरू धांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर—को 2026 एशियन गेम्स के लिए ट्रैप स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया था।
शूटिंग में भारत का लगातार शानदार प्रदर्शन
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाज लगातार पदक जीत रहे हैं। इससे पहले भी शूटिंग की अलग-अलग टीम और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भारत ने पदक हासिल किए हैं। महिला ट्रैप टीम का यह रजत पदक भी भारतीय शूटिंग अभियान में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गया है। अब सभी की नजरें नीरू धांडा के महिला ट्रैप व्यक्तिगत फाइनल पर रहेंगी, जहां वह टीम स्पर्धा के शानदार प्रदर्शन को व्यक्तिगत पदक में बदलने की कोशिश करेंगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







