नई दिल्ली। देश की आम जनता को आने वाले कुछ महीनों में महंगाई का एक और झटका लग सकता है। खाने-पीने की चीजों से लेकर पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले सामान की कीमतों में बढ़ोतरी का दबाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार की ओर से जारी ताजा मासिक आर्थिक रिपोर्ट में महंगाई को लेकर चिंता जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम में बदलाव, खाद्य पदार्थों की सप्लाई में अनिश्चितता और शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ती मांग आने वाले महीनों में महंगाई बढ़ने की प्रमुख वजह बन सकती हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये की मजबूती से महंगाई के दबाव को कुछ हद तक कम करने में मदद मिल सकती है।
अक्टूबर में भी बढ़ी खुदरा महंगाई दर
सरकार की ओर से शनिवार को जारी मासिक आर्थिक रिपोर्ट में नवंबर के बाद महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका जताई गई है। गौरतलब है कि अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर में पहले ही तेजी देखने को मिली थी। ऐसे में आने वाले महीनों में कीमतें बढ़ने से आम आदमी की परेशानी बढ़ सकती है। महंगाई का सीधा असर मध्यम वर्ग और कम आय वाले परिवारों के बजट पर पड़ सकता है। खाने-पीने की वस्तुओं, घरेलू जरूरतों और परिवहन पर होने वाला खर्च बढ़ने से लोगों की बचत भी प्रभावित हो सकती है।
महंगाई बढ़ने की ये हैं 3 बड़ी वजह
1. मौसम में बदलाव से खाद्य पदार्थों की सप्लाई प्रभावित
मौसम में बदलाव और मौसमी अनिश्चितताओं का असर कृषि उत्पादन और खाद्य पदार्थों की सप्लाई पर पड़ सकता है। यदि फसलों का उत्पादन प्रभावित होता है या बाजार तक सामान पहुंचने में परेशानी आती है, तो सब्जियों, फलों और दूसरी खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ सकती हैं।
2. शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ेगी मांग
नवंबर के बाद देश में शादी-ब्याह का सीजन भी जोर पकड़ रहा है। इस दौरान खाने-पीने की चीजों, कपड़ों, सोने-चांदी, घरेलू सामान और अन्य वस्तुओं की मांग बढ़ जाती है। बाजार में मांग बढ़ने के मुकाबले सप्लाई कम रहने पर कीमतों में तेजी आ सकती है।
3. अंतरराष्ट्रीय बाजार और मिडिल ईस्ट का तनाव
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव भी भारत के लिए महंगाई का जोखिम बढ़ा सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और समुद्री रास्तों से होने वाली माल ढुलाई की लागत में उतार-चढ़ाव का असर भारत पर पड़ सकता है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयातित कच्चे तेल से पूरा करता है। ऐसे में अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो पेट्रोल-डीजल, परिवहन और उत्पादन लागत पर दबाव बढ़ सकता है। इसका असर अंततः आम लोगों की जेब पर भी पड़ सकता है। महंगाई बढ़ने की स्थिति में इसका असर सिर्फ खाद्य पदार्थों तक सीमित नहीं रहेगा। परिवहन और माल ढुलाई की लागत बढ़ने से बाजार में दूसरी वस्तुओं की कीमतें भी प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, सरकार की रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये की मजबूती महंगाई को नियंत्रित रखने में मददगार साबित हो सकती है।
आम आदमी के बजट पर पड़ सकता है असर
आने वाले महीनों में महंगाई किस स्तर तक बढ़ेगी, यह काफी हद तक मौसम, खाद्य पदार्थों की उपलब्धता, अंतरराष्ट्रीय बाजार और घरेलू मांग पर निर्भर करेगा। फिलहाल सरकार की आर्थिक रिपोर्ट ने संभावित महंगाई को लेकर सतर्क रहने के संकेत दिए हैं। अगर खाद्य पदार्थों और ईंधन की कीमतों में एक साथ तेजी आती है, तो इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग और आम परिवारों के मासिक बजट पर देखने को मिल सकता है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








