मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक कुमार उर्फ रसिक दुलारी सरन की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद जबलपुर स्थित उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां, भाई और बड़ी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, वृंदावन कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, दीपक आश्रम के पीछे स्थित एक सोसायटी में रहते थे। चौथी मंजिल से गिरने के बाद उन्हें गंभीर हालत में तत्काल सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शनिवार को उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था।
2025 में ली थी प्रेमानंद महाराज से दीक्षा
दीपक मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। परिवार के मुताबिक, उनकी धार्मिक रुचि धीरे-धीरे बढ़ती गई थी और उनमें वैराग्य की भावना भी आने लगी थी। उन्होंने वर्ष 2025 में संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके बाद वह वृंदावन में रहने लगे और लगातार उनकी सेवा में जुटे रहते थे। परिवार का कहना है कि दीपक का मन जबलपुर में नहीं लगता था। वृंदावन आने के बाद उनका अधिकांश समय धार्मिक गतिविधियों में ही बीतने लगा। वह नर्मदा परिक्रमा भी कर चुके थे।
मां ने कहा- बेटे ने कराए थे वृंदावन के दर्शन
दीपक की मां लोंग बाई पटेल बेटे की मौत से सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल वह दीपक से मिलने वृंदावन आई थीं। उस दौरान दीपक ने उन्हें करीब पांच दिनों तक वृंदावन के मंदिरों के दर्शन कराए थे। मां के मुताबिक, उस समय उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि बेटे से यह उनकी आखिरी मुलाकातों में से एक होगी। परिवार को जब दीपक की तबीयत खराब होने की सूचना मिली तो वे वृंदावन पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
भाई बोले- पढ़ाई में अच्छे थे दीपक
दीपक के छोटे भाई मनीष पटेल ने बताया कि उनके भाई कॉलेज में पढ़ते थे और पढ़ाई में काफी अच्छे थे। बचपन से ही उनकी धार्मिक गतिविधियों में रुचि थी। वृंदावन जाने से पहले उन्होंने नर्मदा परिक्रमा भी की थी। मनीष के अनुसार, दीपक करीब दो साल पहले वृंदावन गए थे। एक बार वह जबलपुर लौटे, लेकिन इसके बाद दोबारा वृंदावन चले गए और फिर वहीं रहने लगे। समय के साथ परिवार से उनकी बातचीत भी कम होती गई। परिजनों के मुताबिक, जब दीपक कभी जबलपुर आते थे तो कुछ समय के लिए ही परिवार के साथ रह पाते थे। परिवार ने कभी नहीं सोचा था कि दीपक इस तरह अचानक दुनिया से विदा हो जाएंगे।
पुलिस कर रही मामले की जांच
दीपक की मौत की सूचना के बाद वृंदावन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। चौथी मंजिल से गिरने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत से जुड़े परिस्थितिजन्य तथ्यों की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







