अजमेर। राजस्थान के अजमेर स्थित घूघरा हाई सिक्योरिटी जेल में बंद हार्डकोर कैदी सचिन उर्फ संदीप को लगातार 16 दिन तक भोजन नहीं करने के बाद बुधवार को जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया। सचिन गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भांजा बताया जाता है। अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद जिला पुलिस ने कैदी वार्ड में सुरक्षा के लिए सशस्त्र गार्ड तैनात किए हैं। जेल प्रशासन ने मामले की जानकारी जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों को दे दी है।
5 अक्टूबर से नहीं खाया खाना, जेल प्रशासन की निगरानी में था बंदी
जेल प्रशासन के अनुसार, सचिन उर्फ संदीप ने 5 अक्टूबर से खाना खाना बंद कर दिया था। जेल प्रशासन की ओर से प्रतिदिन उसके लिए भोजन रखा जा रहा था, लेकिन उसने भोजन ग्रहण नहीं किया। लगातार भूखे रहने के कारण उसकी स्थिति को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जेल प्रशासन का कहना है कि सचिन ने भूख हड़ताल को लेकर कोई लिखित प्रार्थना पत्र नहीं दिया था। उसने अपनी मांगों से संबंधित कोई मांग पत्र भी अधिकारियों को नहीं सौंपा। ऐसे में उसके भोजन नहीं करने के पीछे की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मई 2024 में जोधपुर जेल से अजमेर किया गया था शिफ्ट
पंजाब के फाजिल्का जिले के बहाववाला क्षेत्र स्थित दुतारावाली गांव का निवासी सचिन उर्फ संदीप मई 2024 में जोधपुर केंद्रीय कारागार से अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में स्थानांतरित किया गया था। जेल में उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अन्य बंदियों के साथ रखा गया था।
बताया जाता है कि बैरक में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े जाने की घटना के बाद सचिन और उसके साथियों को अलग-अलग वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। इसके बाद से जेल में उनकी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
शुरुआत में नवरात्र के व्रत की कही थी बात
जेल प्रशासन के मुताबिक, सचिन ने शुरुआत में खाना नहीं खाने के पीछे नवरात्र के व्रत का हवाला दिया था। हालांकि, नवरात्र के नौ दिन बीत जाने के बाद भी उसने भोजन नहीं किया। इस दौरान वह जेल कैंटीन से फल और अन्य सामान ले रहा था। उसने नवरात्र के दौरान पूजा का सामान भी लिया और मौन व्रत रखा। भूख हड़ताल के दौरान उसके वकील ने भी उससे मुलाकात की थी। इसके बावजूद सचिन ने भोजन करना शुरू नहीं किया। लगातार 16 दिन तक खाना नहीं खाने के बाद जेल प्रशासन ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।
अस्पताल के कैदी वार्ड में सुरक्षा बढ़ाई
सचिन उर्फ संदीप को जेएलएन अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती किए जाने के बाद पुलिस ने वहां सशस्त्र गार्ड तैनात किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को भी सूचित किया गया है। हाई सिक्योरिटी जेल के अधीक्षक पारस जांगिड़ के अनुसार, बंदी को लगातार 16 दिन तक भूख हड़ताल पर रहने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मामले पर जेल प्रशासन और संबंधित अधिकारी नजर बनाए हुए हैं।
जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि सचिन उर्फ संदीप को लगातार 16 दिन से भूख हड़ताल पर रहने के चलते जेएलएन अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसकी सूचना जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







