नरेश मीणा की तलाश में बारां पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश, 6 वाहन जब्त, 8 संदिग्ध हिरासत में

Naresh Meena Search Operation: राजस्थान में भगत सेना प्रमुख नरेश मीणा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बारां जिले के नाहरगढ़ वन रेंज कार्यालय में वनकर्मियों के साथ कथित मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही है। सोमवार को अटरू डीएसपी रामानंद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने बारां-झालावाड़ सीमा से सटे गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस ने 6 संदिग्ध वाहन जब्त किए हैं और 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

25 पैसे का इनाम घोषित, फिर भी पुलिस की गिरफ्त से दूर नरेश मीणा

नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए बारां पुलिस ने 25 पैसे का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के नेतृत्व में विशेष टीमें पिछले तीन दिनों से संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इसके बावजूद पुलिस को अभी तक नरेश मीणा का सुराग नहीं मिला है।

अटरू डीएसपी रामानंद यादव के अनुसार, नाहरगढ़ वन रेंज कार्यालय में वनकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में नरेश मीणा वांछित हैं। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य आरोपी की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

25 पैसे का इनाम बना चर्चा का विषय

नरेश मीणा पर घोषित 25 पैसे का इनाम भी चर्चा का विषय बना हुआ है। आमतौर पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हजारों या लाखों रुपये का इनाम घोषित किया जाता है, लेकिन इस मामले में पुलिस ने महज चवन्नी का इनाम रखा है। पुलिस के इस कदम को एक अलग रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इसके जरिए आरोपी के प्रभाव और रुतबे को चुनौती देने का संदेश दिया गया है। पुलिस का रुख स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता या समर्थकों की संख्या किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाती।

राजस्थान में पहले भी घोषित हो चुका है 25 पैसे का इनाम

राजस्थान में 25 पैसे का इनाम घोषित करने का मामला पहले भी सामने आ चुका है। भरतपुर पुलिस ने भी एक मोस्ट वांटेड अपराधी के खिलाफ इसी तरह का इनाम घोषित किया था। अब बारां में नरेश मीणा के मामले में पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर लोगों का ध्यान खींचा है।

1 नवंबर को नाहरगढ़ वन विभाग कार्यालय में हुआ था विवाद

पूरा मामला 1 नवंबर का है। नाहरगढ़ कस्बे में चुनाव प्रचार के दौरान वन विभाग की ओर से एक ट्यूबवेल का पंपसेट और जनरेटर जब्त किए जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद नरेश मीणा अपने समर्थकों के साथ वन विभाग के रेंज कार्यालय पहुंचे और वहां हंगामा किया। वनकर्मियों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और कार्यालय में तोड़फोड़ कर जब्त किया गया सामान जबरन ले जाया गया। घटना के बाद वन विभाग की शिकायत पर अटरू और नाहरगढ़ थानों में राजकार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पहले सरेंडर का ऐलान, अब सीधे कोर्ट जाने की बात

नरेश मीणा ने 6 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए आत्मसमर्पण करने की घोषणा की थी, लेकिन इसके बाद वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। हालिया सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने पुलिस के सामने सरेंडर करने के बजाय सीधे न्यायालय की शरण लेने की बात कही है।

दूसरी ओर, बारां पुलिस का कहना है कि नरेश मीणा की तलाश लगातार जारी है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर नजर रख रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही हैं। अब देखना होगा कि पुलिस की लगातार दबिश के बीच नरेश मीणा कब तक गिरफ्त से बाहर रहते हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment