राजस्थान में नाहरगढ़ वन विभाग कार्यालय में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में फरार चल रहे नरेश मीणा का एक नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में नरेश मीणा बारां जिले के बड़ोदिया गांव में ग्रामीणों के बीच चुनावी सभा को संबोधित करते नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि वह बीती रात बाइक से गांव पहुंचा और समर्थकों के बीच सभा कर आगामी चुनाव में हाथी चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील की। सभा के बाद वह वहां से चला गया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बाइक से अचानक गांव पहुंचा नरेश मीणा
जानकारी के अनुसार, नरेश मीणा 1 नवंबर को नाहरगढ़ स्थित वन विभाग कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना के बाद से फरार है। इसी बीच वह अचानक बाइक से बड़ोदिया गांव पहुंच गया। उसके गांव आने की सूचना मिलते ही समर्थक और ग्रामीण उसके आसपास एकत्रित हो गए।
इसके बाद नरेश मीणा ने ग्रामीणों को संबोधित किया और आगामी चुनाव में हाथी चुनाव चिन्ह पर वोट देने की अपील की। बताया जा रहा है कि कुछ देर तक सभा को संबोधित करने के बाद वह वहां से रवाना हो गया। सभा का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
एक सप्ताह से तलाश कर रही बारां पुलिस
नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए बारां जिले के आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस पिछले करीब एक सप्ताह से सर्च अभियान चला रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जानकारी के मुताबिक, अब तक एक दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है, लेकिन पुलिस को उसका सुराग नहीं मिला है।
मोबाइल से भी कर रहा चुनाव प्रचार
दूसरी ओर, फरारी के दौरान नरेश मीणा की चुनाव प्रचार से जुड़ी गतिविधियां भी सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि वह कुछ स्थानों पर मोबाइल फोन के जरिए लोगों की सभाओं को संबोधित कर रहा है। अब बड़ोदिया गांव में खुद पहुंचकर ग्रामीणों के बीच सभा करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
पुलिस की तलाश के बीच चुनावी सभा का वीडियो वायरल
एक तरफ पुलिस नरेश मीणा की तलाश में लगातार दबिश देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ उसका गांव पहुंचकर चुनावी सभा करने का वीडियो सामने आया है। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की तलाश और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले में पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर आधिकारिक प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की गई, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। फिलहाल पुलिस की ओर से वायरल वीडियो और नरेश मीणा के गांव पहुंचने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।






