IND vs NZ: केएल राहुल ने रचा इतिहास, SENA देशों में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बने

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया ने शानदार शुरुआत की। न्यूजीलैंड की पहली पारी के 368 रन के जवाब में भारतीय टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट के नुकसान पर 159 रन बना लिए। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की। हालांकि, भारतीय टीम अभी भी पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड से 209 रन पीछे है। इस मुकाबले में केएल राहुल ने अपनी बल्लेबाजी से खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 116 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए और न्यूजीलैंड की धरती पर अपने पहले टेस्ट मैच में ही अर्धशतक जड़ दिया। इस पारी के साथ राहुल ने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ओपनर गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग भी अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में हासिल नहीं कर सके।

SENA देशों में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर

केएल राहुल अब टेस्ट क्रिकेट में सभी SENA देशों में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं। SENA देशों में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में 50 रन का आंकड़ा पार करते ही राहुल ने यह खास मुकाम हासिल कर लिया।राहुल की इस उपलब्धि ने उन्हें भारतीय टेस्ट क्रिकेट के चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल कर दिया है। वह विदेशी परिस्थितियों में अपनी बल्लेबाजी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए चारों देशों में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। केएल राहुल ने इस अर्धशतक के साथ एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह टेस्ट क्रिकेट में चारों SENA देशों में 50 या इससे अधिक रन बनाने वाले छठे एशियाई ओपनर बन गए हैं। इससे पहले पाकिस्तान के सईद अनवर और इमरान फरहत, श्रीलंका के सनथ जयसूर्या, मरवन अटापट्टू और दिमुथ करुणारत्ने यह कारनामा कर चुके हैं। अब राहुल भी इस खास सूची में शामिल हो गए हैं।

न्यूजीलैंड की धरती पर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने एक और खास रिकॉर्ड बनाया। करीब 10 साल बाद किसी मेहमान टीम के दोनों ओपनर्स ने न्यूजीलैंड में एक ही टेस्ट पारी में 50 से ज्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले साल 2016 में हैमिल्टन टेस्ट के दौरान पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज समी असलम और अजहर अली ने यह उपलब्धि हासिल की थी। समी असलम ने 91 रन, जबकि अजहर अली ने 58 रन की पारी खेली थी। अब राहुल और जायसवाल ने अपने प्रदर्शन से इस उपलब्धि को दोहराया है। दूसरे दिन न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ। चाय के बाद के सेशन में कीवी गेंदबाजों ने कुल छह नो-बॉल फेंकीं। साल 2009 के बाद टेस्ट क्रिकेट के किसी एक सेशन में यह सबसे ज्यादा नो-बॉल फेंकने का रिकॉर्ड है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment