देहरादून/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने की है। इस खबर के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई लोगों ने उनके निधन पर दुख जताया है। सावित्री देवी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में रहती थीं। यही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव भी है, जहां उनका जन्म हुआ था। मां के निधन की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तराखंड रवाना होंगे।
ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर होगा अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, सीएम योगी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। वह गोरखपुर से उत्तराखंड के लिए रवाना होंगे। एसएसपी सर्वेश पवार के मुताबिक, मुख्यमंत्री के शाम करीब 4 बजे तक अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचने की संभावना है।
2024 में बिगड़ी थी मां की तबीयत
सावित्री देवी की तबीयत जून 2024 में उम्र संबंधी परेशानियों के चलते खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। 16 जून 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने एम्स पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 20 मिनट तक मां के साथ समय बिताया था।
उत्तराखंड के पंचूर गांव में रहता है योगी आदित्यनाथ का परिवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड के पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में हुआ था। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। सावित्री देवी गृहिणी थीं। योगी आदित्यनाथ के अलावा उनके परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। उनके अन्य बेटों के नाम मानेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह और शैलेंद्र मोहन हैं। वहीं, बेटियों के नाम पुष्पा देवी, कौशल्या और शशि देवी हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। सीएम धामी ने अपने शोक संदेश में कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
साल 2020 में हुआ था पिता का निधन
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी निधन हो गया था। साल 2020 में 89 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ था। उस समय कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के कारण योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। पिता के निधन के समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रदेश में कोरोना संकट और लॉकडाउन की परिस्थितियों को देखते हुए वह अपने पिता के अंतिम दर्शन के लिए नहीं जा सकेंगे। अब मां सावित्री देवी के निधन से योगी आदित्यनाथ के परिवार में शोक का माहौल है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








