अगर आप राजस्थान में अपनी गाड़ी में पेट्रोल या डीजल भरवाते हैं तो सावधान हो जाइए। प्रदेश में कुछ पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम ईंधन देने का मामला सामने आया है। विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ की जांच में जयपुर और अजमेर के तीन पेट्रोल पंपों पर गड़बड़ी पकड़ी गई है। कार्रवाई करते हुए विभाग ने कुल 5 नोजल जब्त किए और संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों पर 39 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 18 नवंबर को विभाग की टीमों ने प्रदेश के 58 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीन पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को कम मात्रा में ईंधन देने की अनियमितता सामने आई।
जयपुर और अजमेर के पेट्रोल पंपों पर मिली गड़बड़ी
विभागीय जांच में अजमेर जिले के दोराई स्थित बीपी अजमेर पेट्रोल पंप पर प्रति 5 लीटर ईंधन में 30 मिलीलीटर की कमी पाई गई। इसके अलावा वहां सत्यापन प्रमाण-पत्र भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। इस मामले में एक नोजल जब्त कर कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, जयपुर जिले के चाकसू स्थित चौधरी सर्विस स्टेशन पर प्रति 5 लीटर ईंधन में 5 मिलीलीटर की कमी मिली। यहां दो नोजल जब्त किए गए और 10,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी तरह चाकसू के गोपाल पेट्रोलियम पर भी प्रति 5 लीटर ईंधन में 5 मिलीलीटर की कमी पाई गई। जांच के दौरान दो नोजल जब्त किए गए और पेट्रोल पंप संचालक पर 10,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
58 पेट्रोल पंपों की जांच, आगे भी जारी रहेगा अभियान
जयपुर जिले में कुल 11 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। इनमें दो पेट्रोल पंपों पर अनियमितता मिलने के बाद चार नोजल जब्त किए गए और 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, अजमेर में एक पेट्रोल पंप पर कार्रवाई करते हुए एक नोजल जब्त किया गया। विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ ने साफ किया है कि पेट्रोल-डीजल की निर्धारित मात्रा से कम आपूर्ति करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की टीमें आगे भी प्रदेशभर में औचक निरीक्षण करेंगी।
पेट्रोल पंप पर कम पेट्रोल मिले तो यहां करें शिकायत
विभाग ने वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि पेट्रोल या डीजल भरवाते समय मात्रा को लेकर सतर्क रहें। यदि किसी पेट्रोल पंप पर कम ईंधन देने या किसी अन्य तरह की अनियमितता का संदेह होता है तो उपभोक्ता तुरंत इसकी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए सरकार की उपभोक्ता हेल्पलाइन 14435 पर संपर्क किया जा सकता है। विभाग का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







