राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के चौंकाने वाले नतीजों के बाद अब उप जिला प्रमुख पदों को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश की 37 जिला परिषदों में गुरुवार को उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह 10 बजे से निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नामांकन और मतदान की कार्रवाई शुरू हुई। देर शाम तक सभी जिलों के नतीजे सामने आने की उम्मीद है। जिला प्रमुख चुनाव के दौरान कई जिलों में क्रॉस वोटिंग ने राजनीतिक दलों के बहुमत के समीकरण बिगाड़ दिए थे। ऐसे में अब उप जिला प्रमुख चुनाव को लेकर भाजपा, कांग्रेस, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सभी दलों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जिला प्रमुख चुनाव में मिली बढ़त को उप जिला प्रमुख के चुनाव में कितनी सीटों में बदला जा सकता है।
बाड़मेर में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
बाड़मेर जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है। भाजपा ने बाली देवी को अपना प्रत्याशी बनाया है, जिन्होंने नामांकन दाखिल कर दिया है। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रेम कंवर ने दावेदारी पेश की है। दोनों प्रत्याशियों के बीच होने वाले मुकाबले पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हुई हैं।
फलोदी में विमला चौधरी और मीनाक्षी गोगलु आमने-सामने
फलोदी जिला परिषद में भी उप जिला प्रमुख पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। कांग्रेस ने विमला चौधरी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा की ओर से मीनाक्षी गोगलु ने नामांकन दाखिल किया है। दोनों दलों के बीच मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।
धौलपुर में कांग्रेस ने दर्ज की निर्विरोध जीत
धौलपुर जिला परिषद में कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख पद पर भी अपना कब्जा बरकरार रखा है। कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य वीर सिंह मीणा निर्विरोध उप जिला प्रमुख निर्वाचित हो गए हैं। इस पद के लिए केवल वीर सिंह मीणा ने ही नामांकन दाखिल किया था। ऐसे में उनके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।
चूरू में भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला
चूरू जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा की ओर से नरेश सारण ने नामांकन दाखिल किया, जबकि कांग्रेस ने छोटूलाल को उम्मीदवार बनाया है। यहां दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।
सीकर में भी दोनों दलों ने उतारे प्रत्याशी
सीकर जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस के रमेश बेरवाल और भाजपा के बाबूलाल गुर्जर ने नामांकन दाखिल किया है। दोनों दलों के प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से यहां भी चुनावी मुकाबला रोचक हो गया है।
जैसलमेर में कांग्रेस के हरीश धनदे निर्विरोध निर्वाचित
जैसलमेर जिला परिषद में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिली है। पार्टी के प्रत्याशी हरीश धनदे उप जिला प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इस तरह धौलपुर के बाद जैसलमेर में भी कांग्रेस ने बिना मुकाबले उप जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली है।
क्रॉस वोटिंग पर टिकी सभी राजनीतिक दलों की नजर
जिला प्रमुख चुनाव के दौरान सामने आए अप्रत्याशित नतीजों ने उप जिला प्रमुख चुनाव को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है। कई जगह बहुमत होने के बावजूद राजनीतिक दलों को हार का सामना करना पड़ा, जबकि कुछ सीटों पर क्रॉस वोटिंग ने जीत का पूरा गणित बदल दिया। अब उप जिला प्रमुख चुनाव में भी इसी तरह के उलटफेर की आशंका बनी हुई है। शाम तक आने वाले नतीजे राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में भाजपा, कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों की वास्तविक स्थिति की तस्वीर साफ करेंगे।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







