64 विला खरीदने के मामले में IAS शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जांच पर रोक लगाने से इनकार; जानिए पूरा मामला

जयपुर। एक निजी कंपनी को कथित तौर पर फायदा पहुंचाकर बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर 64 विला और कॉटेज खरीदने के मामले में फंसे वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। शनिवार को जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने उनकी याचिका पर सुनवाई की। इस दौरान कोर्ट ने मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट को निर्देश दिया कि मामले की सुनवाई जल्द की जाए और इसे अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। कोर्ट ने शिखर अग्रवाल को तत्काल राहत के लिए हाईकोर्ट में आवेदन करने की छूट भी दी है।

हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद पहुंचे थे सुप्रीम कोर्ट

दरअसल, शिखर अग्रवाल ने राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर कर एसीबी की जांच पर रोक लगाने और राहत देने की मांग की थी। 19 नवंबर को हाईकोर्ट ने राजस्थान सरकार और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से जवाब मांगा था, लेकिन जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। मामले की अगली सुनवाई 18 दिसंबर तय की गई थी। हाईकोर्ट के इस फैसले के खिलाफ शिखर अग्रवाल सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। अब शीर्ष अदालत ने भी जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने दोनों पक्षों को अपनी दलीलें हाईकोर्ट के सामने रखने को कहा है।

सुप्रीम कोर्ट में मुकुल रोहतगी और अटॉर्नी जनरल ने रखी दलीलें

सुनवाई के दौरान शिखर अग्रवाल की ओर से पूर्व अटॉर्नी जनरल और वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि शिखर अग्रवाल का करियर बेदाग रहा है और जब वे विदेश में थे, तब उनका पक्ष सुने बिना ही जांच के आदेश दे दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि शिखर अग्रवाल ने विला खरीदने से संबंधित जानकारी अपने सरकारी रिटर्न में पहले ही दे रखी थी। इसलिए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। वहीं, राजस्थान सरकार की ओर से अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी, शिव मंगल शर्मा और पद्मेश मिश्रा ने पक्ष रखा। सरकार की ओर से दलील दी गई कि जब मामला पहले से हाईकोर्ट में विचाराधीन है, तो सुप्रीम कोर्ट को इस स्तर पर हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।

क्या है 64 विला खरीदने का पूरा मामला?

यह पूरा मामला जयपुर के चर्चित अनंता रिसॉर्ट से जुड़ा है। एसीबी ने 31 अक्टूबर को इस मामले की जांच शुरू की थी। इसके बाद 18 नवंबर को वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल, अनंता रिसॉर्ट से जुड़ी कंपनी गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर मुकुंद शरण गोयल, एमडी संजय गोयल सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

एसीबी की जांच के अनुसार, शिखर अग्रवाल, उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर, दोनों बेटों और सास-ससुर के नाम पर करीब ढाई साल में एक ही कंपनी से 40 विला और कॉटेज खरीदे गए। इसके अलावा अक्टूबर में उनके दोनों बेटों के नाम पर 24 अन्य विला खरीदे जाने की बात सामने आई। इस तरह परिवार के नाम पर खरीदी गई कुल संपत्तियों की संख्या 64 बताई गई है।

59 लाख का विला सिर्फ 11 लाख रुपये में खरीदने का आरोप

इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा विला की खरीद कीमत को लेकर हो रही है। एसीबी की जांच में आरोप है कि कंपनी के ब्रोशर में एक विला की कीमत करीब 59 लाख रुपये बताई गई थी, जबकि शिखर अग्रवाल और उनके परिवार के सदस्यों ने ऐसे विला महज 11-11 लाख रुपये में खरीदे। इसी कथित कीमत के अंतर को लेकर जांच एजेंसी ने कंपनी और IAS अधिकारी के बीच लेनदेन की जांच शुरू की है। आरोप है कि इस तरह की खरीदारी से निजी कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया गया। फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है और एसीबी की जांच जारी है। सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद अब शिखर अग्रवाल की नजरें राजस्थान हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment