ऑपरेशन सिंदूर के बाद बौखलाया लश्कर, डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी की समुद्री हमले की गीदड़भभकी

भारत के ऑपरेशन सिंदूर की बड़ी कामयाबी के बाद पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन Lashkar-e-Taiba में हड़कंप साफ नजर आ रहा है। संगठन का डिप्टी चीफ Saifullah Khalid Kasuri बुरी तरह तिलमिलाया हुआ है। इसी बौखलाहट में उसका एक और भड़काऊ बयान सामने आया है, जिसमें उसने भारत को समुद्री रास्ते से हमले की खुली धमकी दी है। पाकिस्तान के मुरीदके में दिए बयान में कसूरी ने कहा, “साल 2025 में हमने आसमान पर राज किया, अब 2026 में समंदरों पर करेंगे।” उसके इस बयान को सुरक्षा एजेंसियां सीधे तौर पर भारत के खिलाफ उकसावे की कोशिश मान रही हैं।

IAF से हार के बाद नौसेना को चुनौती

सैफुल्लाह कसूरी ने अपने बयान में दावा किया कि 2025 पाकिस्तान के लिए ‘फ़िज़ाओं का शहज़ादा’ बनने का साल था और अब 2026 में वह ‘समंदरों का शहज़ादा’ बनेगा। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक यह बयान Indian Air Force से मिली हालिया करारी शिकस्त के बाद हताशा का नतीजा है। अब वह सीधे तौर पर Indian Navy को निशाने पर लेने की बात कर रहा है।

सिर्फ बयान नहीं, खतरनाक संकेत

खुफिया एजेंसियों का मानना है कि कसूरी की यह धमकी महज शब्दों तक सीमित नहीं है। इससे पहले भी वह लश्कर की कथित “वॉटर फोर्स” का जिक्र कर चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक लश्कर के पास सैकड़ों प्रशिक्षित स्कूबा डाइवर्स और स्विमर्स हैं, जिन्हें अंडर-वॉटर ऑपरेशन की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। पाकिस्तान के कई ठिकानों पर आधुनिक पानी के भीतर इस्तेमाल होने वाले उपकरण, ऑक्सीजन किट्स और स्पीड बोट्स के जरिए प्रशिक्षण चल रहा है।

26/11 की यादें फिर ताजा

यह धमकी इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि 26/11 मुंबई हमला भी समुद्री रास्ते से ही किया गया था। उस हमले में लश्कर के आतंकी कराची से नावों के जरिए भारत में दाखिल हुए थे। सुरक्षा एजेंसियां मानती हैं कि कसूरी का बयान उसी मॉडल को दोहराने के इशारे देता है।

अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

गणतंत्र दिवस से पहले इस तरह की धमकियों को लेकर देश की सभी सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। हर खुफिया इनपुट की बारीकी से जांच की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से बौखलाए आतंकी संगठन अब मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने और डर का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भारत की सुरक्षा तैयारियां पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment