अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में 19 दिन बाद टूटी गैंगस्टर लॉरेंस के भांजे की भूख हड़ताल, बिना शर्त खाने को हुआ तैयार

अजमेर: राजस्थान के अजमेर स्थित घूघरा उच्च सुरक्षा कारागृह में बंद विचाराधीन बंदी सचिन थापन उर्फ संदीप ने 19 दिन बाद अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भांजे सचिन ने शुक्रवार को बिना किसी शर्त के भोजन ग्रहण किया। उसने 5 अक्टूबर से खाना खाने से इनकार कर दिया था। जेल प्रशासन और चिकित्सकों की समझाइश के बाद उसने स्वेच्छा से भोजन करना शुरू किया।

5 अक्टूबर से बंदी ने खाना खाने से कर दिया था इनकार

जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ के अनुसार, पंजाब के फाजिल्का जिले का निवासी सचिन थापन उर्फ संदीप 5 मई 2024 से अजमेर की उच्च सुरक्षा कारागृह में निरुद्ध है। उसने 5 अक्टूबर से भोजन लेना बंद कर दिया था। इसके बाद जेल प्रशासन लगातार उसके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहा था। प्रशासन के मुताबिक, सचिन ने भूख हड़ताल को लेकर कोई लिखित मांग पत्र भी नहीं दिया था। उसे लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया और भोजन नहीं करने से शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में समझाया गया। अधिकारियों ने उसे बताया कि लंबे समय तक भूखे रहने से स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है और जीवन पर भी खतरा हो सकता है।

साथियों के साथ एक ही बैरक में रखने की थी मांग

जानकारी के अनुसार, सचिन ने जेल में अपने साथियों के साथ एक ही बैरक में रखने की मांग को लेकर भोजन करने से इनकार किया था। उसका कहना था कि जब तक उसे अपने साथियों के साथ एक ही बैरक में नहीं रखा जाएगा, वह खाना नहीं खाएगा।हालांकि, जेल प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को उसने बिना किसी मांग या शर्त के भोजन ग्रहण कर भूख हड़ताल समाप्त कर दी। इससे जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।

तबीयत बिगड़ने पर JLN अस्पताल में कराया गया था भर्ती

लंबे समय तक भोजन नहीं करने के कारण सचिन की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई थी। उसे स्वास्थ्य जांच के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। 22 अक्टूबर को चिकित्सक मनीराम कुम्हार ने उसकी जांच की। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उसे वापस जेल लाया गया, जहां प्रशासन ने उसे भोजन देने का प्रयास किया, लेकिन उसने शुरुआत में खाने से इनकार कर दिया था।

जेल प्रशासन और डॉक्टरों की समझाइश आई काम

जेल अधीक्षक और चिकित्साधिकारी ने सचिन से बातचीत कर उसे स्वास्थ्य और जीवन के महत्व के बारे में समझाया। लगातार समझाइश के बाद उसने शुक्रवार को भोजन ग्रहण कर लिया और अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। फिलहाल 19 दिन तक चली भूख हड़ताल समाप्त होने के बाद बंदी के स्वास्थ्य पर निगरानी रखना महत्वपूर्ण होगा। जेल प्रशासन की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसने बिना किसी शर्त के खाना स्वीकार किया है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment