आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा में जाने की अटकलों पर AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा नहीं जा रहे हैं।
मीडिया अटकलें गलत
AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि मीडिया पहले दावा कर रहा था कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री बन सकते हैं, अब यह कहा जा रहा है कि वह राज्यसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने इन दोनों ही अटकलों को पूरी तरह गलत बताया।
प्रियंका कक्कड़ ने कहा, “अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं। उनकी लोकप्रियता बहुत अधिक है, लेकिन वह सिर्फ किसी एक पद या क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं।”
राजनीतिक चर्चाओं पर विराम
दिल्ली की सत्ता गंवाने और अपनी सीट हारने के बाद अरविंद केजरीवाल के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। संजीव अरोड़ा के राज्यसभा उपचुनाव लड़ने के फैसले के बाद यह कयास और तेज हो गए कि केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा जा सकते हैं।
हालांकि, आज जब न्यूज एजेंसी एएनआई ने AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ से इस बारे में पूछा तो उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे। इस बयान के साथ पार्टी ने सभी अटकलों को विराम देने की कोशिश की है।
आगे की राजनीतिक स्थिति को लेकर पार्टी की क्या रणनीति होगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
