सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष से भेजीं थी महाकुंभ की तस्वीरें, जल्द आ सकती हैं भारत

प्रयागराज: नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स हाल ही में नौ महीने तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में रहने के बाद पृथ्वी पर वापस लौट आई हैं। उनकी वापसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई भारतीयों ने उन्हें बधाई दी। इस बीच, सुनीता विलियम्स की भाभी फाल्गुनी पांड्या ने खुलासा किया कि अंतरिक्ष से भी सुनीता ने भारत को याद रखा और प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ की तस्वीरें लीं।

अंतरिक्ष से भेजीं भव्य तस्वीरें

फाल्गुनी पांड्या ने बताया कि उन्होंने सुनीता से पूछा था कि क्या अंतरिक्ष से महाकुंभ नजर आ रहा है? इसके जवाब में सुनीता ने कहा कि ‘हां’ और उन्होंने अंतरिक्ष से ली गई भव्य सैटेलाइट तस्वीरें भेजीं। ये तस्वीरें उन्होंने अपने परिवार से साझा कीं, जिससे यह साफ हुआ कि हजारों किलोमीटर दूर अंतरिक्ष में रहते हुए भी उनका दिल भारत के साथ धड़कता रहा।

महाकुंभ की आधिकारिक प्रतिक्रिया

महाकुंभ की आधिकारिक आईडी से एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा गया, “महाकुंभ की तस्वीरें लाईं, सुनीता विलियम्स को बधाई। वसुधैव कुटुम्बकम् की पुनीत भावना फिर हुई साकार। जब पूरी दुनिया की सांसें सुनीता को देखने के लिए बेताब थीं, तब सुनीता अंतरिक्ष से महाकुंभ को निहार रही थीं और इसकी तस्वीरें ले रही थीं। यह विश्व कल्याण का संदेश है।”

गुजरात स्थित पैतृक गांव की यात्रा संभव

फाल्गुनी पांड्या ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा कि सुनीता जल्द ही भारत आ सकती हैं। हालांकि, अभी तक उनके दौरे की कोई तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि वे इसी साल अपने पैतृक गांव झुलासन, गुजरात जाएंगी।

गांव में जश्न का माहौल

सुनीता विलियम्स के नौ महीने बाद पृथ्वी पर लौटने से उनके पैतृक गांव में उत्सव का माहौल है। गांव के मंदिर में उनके लिए जल रही अखंड ज्योत को अब विसर्जित किया जाएगा। उनके कजिन नवीन बाबूलाल ने बताया कि सुनीता साल 2007 में पहली बार अपने गांव आई थीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया था। उन्हें गांव के मंदिर में विशेष आस्था है और जब भी वे अंतरिक्ष में जाती हैं, तो मां की प्रतिमा अपने साथ ले जाती हैं।

सुनीता की अंतरिक्ष यात्रा और भारत से उनका गहरा जुड़ाव, भारतीयों के लिए गर्व की बात है। अब सभी को उनके भारत आगमन का बेसब्री से इंतजार है।

 

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट

संबंधि‍त ख़बरें

सोना चांदी की कीमत