अशोक गहलोत का भाजपा सरकार पर हमला, बोले – ईडी और सीबीआई के सहारे कब तक राज करेंगे?

भरतपुर | 21 मार्च 2025 |

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को भरतपुर में भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता सबसे जरूरी चीज है। भाजपा सरकार कब तक ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई के सहारे सत्ता चलाएगी? उन्होंने दावा किया कि अमेरिका से आई एक रिपोर्ट ने भाजपा सरकार की सच्चाई उजागर कर दी है।

गहलोत ने कहा कि देशभर में 900 से अधिक नेताओं के ठिकानों पर छापे मारे गए, लेकिन केवल 2 को ही दोषी पाया गया। इससे स्पष्ट होता है कि सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ये जांच पारदर्शी होती, तो इतने कम लोग ही दोषी क्यों पाए गए?

छोटे जिलों के खत्म करने पर सवाल

भरतपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने राज्य सरकार की प्रशासनिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छोटे जिलों की परफॉर्मेंस बेहतर थी, फिर उन्हें क्यों खत्म किया गया?

गहलोत ने तर्क दिया कि छोटे जिलों के होने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आती है। लोगों को 200-250 किलोमीटर दूर मुख्यालय नहीं जाना पड़ता। उन्होंने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने छोटे जिलों की जरूरत पर जोर दिया था, क्योंकि इससे गुड गवर्नेंस को बढ़ावा मिलता है।

जातिगत जनगणना की वकालत

पूर्व मुख्यमंत्री ने जातिगत जनगणना को आवश्यक बताया और कहा कि यह किसी भी वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि एक सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण है। उन्होंने कहा कि अगर सरकारों के पास सही डेटा होगा, तो वे योजनाएं वैज्ञानिक तरीके से बना पाएंगी, जिससे हर समाज और वर्ग को लाभ मिलेगा।

गहलोत ने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मुद्दे पर भ्रम फैला रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि जातिगत जनगणना से सामाजिक संतुलन बेहतर होगा और योजनाओं का लाभ सभी तक पहुंचेगा।

अशोक गहलोत का भाजपा पर सीधा वार

गहलोत ने कहा कि जनता भाजपा सरकार की हकीकत समझ चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आप ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई के बलबूते कब तक सरकार चलाओगे? जनता को सच का पता चल ही जाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता बेहद जरूरी है और भाजपा सरकार इसी पारदर्शिता को खत्म करने में लगी हुई है।

अशोक गहलोत का भरतपुर दौरा

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को भरतपुर के ‘अपना घर आश्रम’ के कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने आश्रम के कार्यों की सराहना की और कहा कि यहां किया जा रहा सामाजिक कार्य अनूठा है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट

संबंधि‍त ख़बरें

सोना चांदी की कीमत