पाली: जिले में बजरी माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अवैध खनन रोकने गई पुलिस टीम पर हमले की एक और घटना सामने आई है। गुरुवार रात जवाई नदी के किनारे अवैध बजरी खनन की सूचना पर हेड कांस्टेबल फुचाराम अपनी टीम के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे थे।
रात करीब 10 बजे पुलिस ने एक बजरी से भरा ट्रैक्टर आते देखा और उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने हेड कांस्टेबल के ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर जब्त
थानाधिकारी रविंद्रसिंह खिंची ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। आरोपी मादुसिंह पुत्र शैतान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
अवैध खनन पर पुलिस की सख्ती के बावजूद बढ़ते हमले
अवैध बजरी खनन को रोकने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। पुलिसकर्मियों पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार बजरी माफिया पुलिस पर हमले कर चुके हैं।
अब सवाल यह उठता है कि प्रशासन इस बढ़ते अपराध पर कैसे लगाम लगाएगा और क्या बजरी माफियाओं के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई होगी?
