आईपीएल 2025 के रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रनों से हराकर टूर्नामेंट में धमाकेदार जीत दर्ज की। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 193 रनों पर ऑलआउट हो गई।
इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि 200 या उससे ज्यादा के स्कोर का बचाव करने में वह माहिर है। आईपीएल में जब भी मुंबई ने 200+ स्कोर बनाया है, टीम ने जीत का परचम लहराया है। यह उनकी 15वीं ऐसी जीत थी।
तिलक वर्मा ने मिटाया चार साल पुराना ‘दाग’
मैच में सबसे बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा के नाम रही। तिलक ने 33 गेंदों पर शानदार 59 रनों की पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। दिलचस्प बात यह है कि 2022 से अब तक जब-जब तिलक ने आईपीएल में अर्धशतक जड़ा, तब-तब मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा। यह सिलसिला आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस मुकाबले में टूटा।
तिलक के आईपीएल में 50+ स्कोर वाले पिछले मैचों का इतिहास कुछ यूं रहा है:
-
2022 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 61 रन – हार
-
2022 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नाबाद 51 रन – हार
-
2023 में आरसीबी के खिलाफ नाबाद 84 रन – हार
-
2024 में हैदराबाद के खिलाफ 64 रन – हार
-
2024 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 65 रन – हार
-
2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 64 रन – हार
-
2025 में आरसीबी के खिलाफ 56 रन – हार
-
और अब 2025 में दिल्ली के खिलाफ 59 रन – जीत!
एक ओवर में तीन रन आउट, दिल्ली की किस्मत ने छोड़ा साथ
दिल्ली की हार की बड़ी वजहों में से एक रही उनका खराब भाग्य और रणनीतिक चूक। मुकाबले में ऐसा नजारा भी देखने को मिला जब एक ही ओवर में तीन बल्लेबाज रन आउट हो गए। आईपीएल इतिहास में यह दूसरी बार हुआ है जब किसी टीम के तीन खिलाड़ी एक ही ओवर में रन आउट हुए हों।
मुंबई का रिकॉर्ड, दिल्ली की निराशा
मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास में विपक्षी टीमों को सबसे ज्यादा बार (37) ऑलआउट करने वाली टीम बन गई है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की यह दिल्ली में 15वीं हार थी — किसी भी टीम द्वारा किसी एक वेन्यू पर सबसे ज्यादा हारने का रिकॉर्ड।
दिलचस्प बात यह भी रही कि दोनों टीमों ने आईपीएल में 200+ टारगेट डिफेंड करते हुए अभी तक कोई भी मैच नहीं गंवाया है। हालांकि, इस बार बाज़ी मुंबई के नाम रही।
