एशिया कप 2025 ट्रॉफी विवाद: नकवी ने होटल में रखी ट्रॉफी, BCCI ने कहा अस्वीकार्य

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल ऐतिहासिक रहा, लेकिन इस बार इतिहास सिर्फ खेल का नहीं बल्कि ट्रॉफी विवाद का भी बन गया। 41 सालों के एशिया कप इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान फाइनल में आमने-सामने आए, जहां टीम इंडिया ने खिताब तो जीत लिया, लेकिन खिलाड़ियों के हाथ में ट्रॉफी नहीं आई।

दरअसल, मैच के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के प्रमुख और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद नकवी ट्रॉफी और पदक अपने होटल कमरे में ले गए। नतीजा ये हुआ कि टीम इंडिया बिना ट्रॉफी के ही जश्न मनाने पर मजबूर रही।

फिलहाल कहां है एशिया कप ट्रॉफी

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, एशिया कप की ट्रॉफी इस समय दुबई के उसी होटल में है जहां नकवी ठहरे हुए हैं। बीसीसीआई अब एसीसी से जुड़े अन्य क्रिकेट संघों की मदद से ट्रॉफी वापस भारत लाने की कोशिश कर रहा है। नकवी से कहा गया है कि वे ट्रॉफी को दुबई स्पोर्ट्स सिटी स्थित एसीसी ऑफिस में जमा कराएं, ताकि वहां से इसे भारत भेजा जा सके।

BCCI का सख्त रुख

बीसीसीआई ने नकवी के इस कदम को “बचकाना और अस्वीकार्य” बताया है। सूत्रों का कहना है कि बोर्ड अब नवंबर में होने वाली आईसीसी की वार्षिक आम बैठक (AGM) में नकवी को एसीसी अध्यक्ष पद से हटाने का प्रस्ताव रख सकता है। बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से कहा गया, “नकवी ट्रॉफी को अपने होटल नहीं ले जा सकते। एसीसी में उनके दिन अब गिने-चुने रह गए हैं। हम इस मुद्दे को आईसीसी की बैठक में गंभीरता से उठाएंगे। ऐसे व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संस्थानों में जगह नहीं मिलनी चाहिए।”

नकवी की शर्त पर अटका विवाद

एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, मोहसिन नकवी भारत को ट्रॉफी देने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्होंने शर्त रखी है कि आयोजक एक औपचारिक समारोह आयोजित करें, जहां वे खुद भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंप सकें। भारत-पाकिस्तान के मौजूदा राजनीतिक और क्रिकेट संबंधों को देखते हुए इस शर्त के पूरे होने की संभावना बेहद कम है।

 अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या बीसीसीआई एसीसी और आईसीसी के जरिए ट्रॉफी वापस ला पाएगा या एशिया कप 2025 का ये विवाद लंबे समय तक क्रिकेट इतिहास में चर्चा का विषय बना रहेगा।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment