भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों के लिए 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को सौंप दी है। इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है, जिन्होंने आईपीएल 2026 में अपने विस्फोटक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
दिलचस्प बात यह है कि भारत के नियमित टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को इस 30 सदस्यीय सूची में शामिल नहीं किया गया है। दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही में टीम इंडिया को टी20 विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन एशियाई खेलों के लिए बीसीसीआई ने एक बार फिर युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है।
गौरतलब है कि 2023 एशियाई खेलों में क्रिकेट की वापसी हुई थी, जहां ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। अब 2026 संस्करण में भी भारत अपने खिताब का बचाव करने उतरेगा।
कप्तानी की दौड़ में कई बड़े नाम
सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी के कारण एशियाई खेलों में भारतीय टीम की कप्तानी किसे मिलेगी, इस पर चर्चा तेज हो गई है। संभावित कप्तानों की सूची में श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा के नाम भी कप्तानी की रेस में शामिल बताए जा रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू लगभग तय
आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को 30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की सूची में जगह मिल चुकी है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अंतिम 15 सदस्यीय टीम में भी उनका चयन लगभग तय है। ऐसे में एशियाई खेलों के दौरान वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर सकते हैं।
दो टी20 टीमों का चयन करेगी बीसीसीआई
एशियाई खेलों के दौरान ही वेस्टइंडीज की टीम सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए भारत दौरे पर आएगी। ऐसे में बीसीसीआई को एक साथ दो अलग-अलग टी20 टीमों का चयन करना पड़ सकता है। इससे कई युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
एशियाई खेल 2026 के लिए 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची
यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, उज्ज्वल कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बडोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, ऋतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, विप्रज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर और वाशिंगटन सुंदर।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







