बांसवाड़ा।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के मोटागांव में दो व्यापारियों की गुमशुदगी का मामला अब हत्या के सनसनीखेज खुलासे में बदल गया है। 11 सितंबर को माही नदी से व्यापारी सुरेश सोनी की लाश मिली थी, जबकि 12 सितंबर को नदी से उनकी कार बरामद हुई थी। शुरुआत में मामला रहस्यमय लग रहा था, लेकिन पुलिस की तफ्तीश और सीसीटीवी फुटेज ने पूरा राज खोल दिया। पुलिस ने खुलासा किया कि सुरेश सोनी की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही साथी व्यापारी हर्षित शर्मा ने की। चार दिन तक लगातार जांच-पड़ताल के बाद एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में गठित टीम ने इस रहस्य से पर्दा उठाया।
गुमशुदगी से हत्या तक की कहानी
-
8 सितंबर को सुरेश और हर्षित स्विफ्ट डिज़ायर कार से घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे।
-
11 सितंबर को माही नदी से सुरेश की लाश मिली।
-
12 सितंबर को उसी नदी से कार भी बरामद हुई, जिसमें हर्षित के जूते भी पाए गए।
इस घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी थी।
सीसीटीवी और गुप्त सूचना ने खोला राज
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पता चला कि हर्षित मुंबई भाग गया है। उसे रतलाम से दस्तयाब कर लिया गया। पूछताछ में हर्षित ने हत्या की वारदात कबूल की।
कर्ज से बचने के लिए रचा खौफनाक खेल
हर्षित ने बताया कि वह कर्ज के दबाव में था और उससे छुटकारा पाने के लिए उसने यह योजना बनाई। पहले उसने सुरेश को शराब पिलाई और दोनों माही नदी किनारे पहुंचे। वहां विवाद और हाथापाई के दौरान उसने सुरेश को लसाड़ा पुल से धक्का देकर नदी में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसने गुमशुदगी दिखाने के लिए कार को भी नदी में फेंक दिया।
पूछताछ में गुमराह करता रहा आरोपी
पुलिस गिरफ्त में आने के बाद भी हर्षित लगातार गुमराह करने की कोशिश करता रहा। कभी नई कहानी सुनाता, तो कभी घटनास्थल बदलकर बताता। लेकिन सबूतों और स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या और सबूत मिटाने का केस दर्ज
आरोपी हर्षित शर्मा (32), निवासी मोटागांव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।