बाड़मेर। जिले के सदर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक दुष्कर्म पीड़िता ने शनिवार शाम जिला अस्पताल में नवजात शिशु को जन्म दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ की। पीड़िता ने अपने बयान में एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवती को अचानक पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भर्ती किया, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया। चिकित्सकों ने बताया कि मां और बच्चा दोनों फिलहाल स्वस्थ हैं और उनकी देखरेख की जा रही है।
महिला थानाधिकारी मुकनदान ने बताया कि पीड़िता की उम्र अभी 18 वर्ष है। उसने खुलासा किया कि करीब आठ महीने पहले जब वह नाबालिग थी, तब एक युवक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने पर्चा बयान में आरोपी का नाम स्पष्ट किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी महिला एवं अनुसंधान सेल के एएसपी नितेश आर्य को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।