ओटावा, 29 सितंबर 2025: भारत के साथ संबंध सुधारने की कोशिशों के बीच कनाडा ने लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह को आपराधिक संहिता के तहत ‘आतंकवादी संगठन’ घोषित कर दिया है। यह जानकारी पब्लिक सेफ्टी मिनिस्टर गैरी आनंदसांगरी ने सोमवार शाम को दी।
सरकार का बयान
कनाडा सरकार ने कहा कि बिश्नोई गिरोह को ‘भय और आतंक का माहौल पैदा करने वाला संगठन’ घोषित किया गया है। प्रेस रिलीज में बताया गया कि गिरोह प्रवासी समुदायों की महत्वपूर्ण आबादी वाले क्षेत्रों में सक्रिय है। बयान में कहा गया, “हिंसा और आतंक की गतिविधियों के लिए कनाडा में कोई जगह नहीं है, खासकर उन कृत्यों के लिए जो विशिष्ट समुदायों को निशाना बनाते हैं।”
आतंकवादी संगठन घोषित करने के मायने
बिश्नोई और उसके गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित करने से कनाडा में कई कदम उठाए जा सकते हैं: गिरोह की संपत्ति जब्त की जा सकती है, चाहे वह नकदी, वाहन या अन्य संपत्ति हो। गिरोह के सदस्यों के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों की फंडिंग और अन्य अपराधों में मुकदमा चलाने में अधिक शक्ति मिलेगी। इमीग्रेशन अधिकारी संदिग्ध सदस्यों को कनाडा में प्रवेश से रोक सकते हैं।
कनाडा में जुड़े बड़े मामले
जानकारी के लिए आपको बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर अपने कई आपराधिक कृत्यों की जिम्मेदारी ली है। जिसमें गैंगस्टर सुक्खा दूनी की हत्या, खालिस्तानी हरदीप निज्जर की हत्या, कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंगए,सिंगर गिप्पी ग्रेवाल और एपी ढिल्लो पर फायरिंग एवं पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्या जैसे प्रमुख मामले शामिल हैं। कनाडा का यह कदम बिश्नोई गिरोह की वैश्विक गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें रोकने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








