राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को झुंझुनूं जिले के मंडावा में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को “जन-जन की सरकार” बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सेवा, समर्पण और संकल्प के साथ युवाओं और किसानों के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शेखावाटी क्षेत्र की तीन दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा कर रही है। किसानों को सम्मान निधि दी गई है और गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी की गई है। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “आप मेहनत कीजिए, सरकार आपके सपनों को साकार करेगी।”
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि अब तक राज्य में 69 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और जल्द ही एक लाख नियुक्तियों का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद देश में आए सकारात्मक बदलावों का भी उल्लेख किया।
यमुना जल समझौता: शेखावाटी को मिलेगा लाभ
भजनलाल शर्मा ने जनसभा में यह भी स्पष्ट किया कि हरियाणा के साथ यमुना जल समझौता हो चुका है और इस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि झुंझुनूं और शेखावाटी क्षेत्र में जल आपूर्ति के लिए प्रवाह प्रणाली की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाने का कार्य शुरू हो चुका है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता चुनावों के समय यमुना जल मुद्दे को उठाते थे, लेकिन सत्ता में रहते हुए शेखावाटी के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। वहीं भाजपा सरकार इस समझौते को जमीन पर उतारने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा यमुना जल परियोजना, PKC-ERCP योजना और युवाओं को रोजगार देने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। झुंझुनूं, जयपुर, सीकर और चूरू जैसे जिलों में उनके दौरे के दौरान अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण चर्चाएं भी प्रस्तावित हैं।

Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है। मनोज का उद्देश्य है कि हर पाठक को सरल भाषा में सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें मिलें, जिससे वह अपनी राय बना सके। वे डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में लगातार नई तकनीकों और ट्रेंड्स को अपनाकर अपने लेखन को और प्रभावशाली बना रहे हैं।