नई दिल्ली: नीट (NEET) परीक्षा धांधली और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली में जारी आंदोलन के बीच केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच खींचतान जारी है। केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि बुधवार दोपहर से गुरुवार तक सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए चार बार औपचारिक प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। सरकार ने कहा कि वे किसी भी समय केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास या दफ्तर में वार्ता के लिए तैयार हैं। हालाँकि, सरकार के इस रुख के बीच CJP ने आंदोलन को और तेज करते हुए 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का बड़ा आह्वान किया है।
CJP की अपील: ‘हर शहर, हर गांव में करें शांतिपूर्ण प्रदर्शन’
सरकार के न्योते के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने आंदोलन को दिल्ली के जंतर-मंतर से आगे ले जाते हुए इसे राष्ट्रीय स्वरूप देने का फैसला किया है। CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने देशवासियों और युवाओं से अपील करते हुए कहा, “आइए, इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर का बनाएं। 24 जुलाई को देश के हर शहर और हर गांव में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करें, ताकि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की हमारी जायज मांग को और मजबूती मिल सके।”
जंतर-मंतर हिंसा से जुड़े 11 मामलों की जांच करेगी क्राइम ब्रांच
दूसरी तरफ, 20 जुलाई से 22 जुलाई के बीच जंतर-मंतर और लुटियंस दिल्ली के आसपास सीजेपी के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई पुलिस झड़प और हिंसा से जुड़े मामलों में दिल्ली पुलिस ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। गुरुवार को जारी एक आधिकारिक आदेश के तहत संसद मार्ग, कनॉट प्लेस, बाराखंबा रोड, मंदिर मार्ग और कर्तव्य पथ पुलिस थानों में दर्ज सभी 11 मामलों (FIRs) की जांच अब दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा (Crime Branch) को स्थानांतरित कर दी गई है। क्राइम ब्रांच अब इन मामलों की गहराई से जांच करेगी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का पलटवार
CJP के जारी आंदोलन और विपक्ष के आरोपों पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि पेपर लीक के मामले में केंद्र सरकार ने बेहद संवेदनशीलता के साथ समय रहते त्वरित कार्रवाई की है। वित्त मंत्री ने कहा, “अधिकारियों ने दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया, समय पर दोबारा परीक्षा आयोजित कराई और बिना किसी देरी के परिणाम घोषित किए, ताकि छात्र उच्च शिक्षा संस्थानों में दाखिला लेने की प्रक्रिया बिना रुकावट आगे बढ़ा सकें।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि कई प्रतिभाशाली छात्रों ने इस चुनौती को अवसर में बदला और दोबारा मेहनत करके पहले से भी बेहतर अंक हासिल किए। सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








