‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम पर साइबर ठगी का खतरा! वायरल ट्रेंड के बीच पुलिस ने जारी की बड़ी चेतावनी

सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) नाम का ट्रेंड जबरदस्त चर्चा में है। इंस्टाग्राम, एक्स और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर इस नाम से जुड़े कंटेंट को करोड़ों व्यूज मिल रहे हैं और खासतौर पर युवा वर्ग में इसका क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन इसी वायरल ट्रेंड के बीच अब साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। पुलिस ने लोगों को सावधान करते हुए चेतावनी जारी की है कि CJP के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर ऑनलाइन ठगी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी व्हाट्सऐप, मैसेंजर और एसएमएस के जरिए ‘कॉकरोच पार्टी जॉइन करें’ या ‘ऑफिशियल सदस्य बनें’ जैसे संदेश भेज रहे हैं। इन मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही यूजर्स की निजी जानकारी और बैंकिंग डिटेल्स चोरी होने का खतरा बढ़ जाता है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया के ट्रेंड में बहकर किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।

सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ा ‘कॉकरोच’ ट्रेंड

दरअसल, 21 मई को CJP का पुराना एक्स अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। उस समय इस अकाउंट पर करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स मौजूद थे। अकाउंट बंद होने के तुरंत बाद संगठन ने नया अकाउंट ‘Cockroach Is Back’ नाम से लॉन्च कर दिया। इसके बायो में लिखा गया— “Cockroach Don’t Die”, यानी ‘कॉकरोच मरते नहीं’।

इसके बाद सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड की चर्चा और तेज हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक CJP के इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसका प्रभाव सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। बड़ी संख्या में यूजर्स यूएई, अमेरिका और अन्य देशों से भी इस ट्रेंड से जुड़ रहे हैं।

युवाओं के बीच तेजी से बढ़ रही लोकप्रियता

आंकड़ों के अनुसार CJP से जुड़े अधिकांश यूजर्स 18 से 34 वर्ष आयु वर्ग के हैं। युवाओं के बीच इसकी लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी है कि हर रील को लाखों व्यूज मिल रहे हैं। सोशल मीडिया विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रेंड युवाओं की डिजिटल भागीदारी और ऑनलाइन व्यंग्यात्मक अभियानों की बढ़ती ताकत को दिखाता है। हालांकि, बढ़ती लोकप्रियता के साथ साइबर फ्रॉड का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक को तुरंत डिलीट करें और जरूरत पड़ने पर साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस की सलाह

साइबर सेल अधिकारियों का कहना है कि किसी भी वायरल ट्रेंड से जुड़ने से पहले उसकी सत्यता जांचना बेहद जरूरी है। खासकर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या निजी डेटा मांगने वाले लिंक से पूरी तरह बचना चाहिए। पुलिस ने कहा कि एक छोटी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment