दौसा में कांग्रेस की संविधान बचाओ सभा में गरजे डीसी बैरवा, कहा- मंत्री बने किरोड़ी मीणा को पीढ़ियां देंगी गालियां

राजस्थान के दौसा में मंगलवार को कांग्रेस की ओर से संविधान बचाओ सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा समेत कई स्थानीय नेता शामिल हुए। सभा में विधायक बैरवा ने राज्य की भाजपा सरकार और खासतौर पर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मंत्री पद पर होते हुए भी किरोड़ी मीणा ने आरक्षण जैसे गंभीर और समाज के हित से जुड़े मुद्दे पर कभी आवाज नहीं उठाई। बैरवा ने कहा, “आज मंत्री हैं, लेकिन इस कोटे से मंत्री बनने के बावजूद उन्होंने अपने समाज के लिए कुछ नहीं किया। भविष्य में उनकी पीढ़ियां उन्हें गालियां देंगी।”

प्रेमचंद बैरवा पर भी साधा निशाना

एनडीटीवी से बातचीत में डीसी बैरवा ने डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सिर्फ एससी वोट बैंक को ध्यान में रखकर उन्हें डिप्टी सीएम बना दिया, लेकिन उनकी कोई चलती नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेमचंद बैरवा की तस्वीर तक आधिकारिक पोस्टर्स में नजर नहीं आती। पोस्टर्स पर सिर्फ सीएम भजनलाल शर्मा और डिप्टी सीएम दिया कुमारी की फोटो होती है, जबकि प्रेमचंद बैरवा को दरकिनार कर दिया गया है।

भजनलाल सरकार पर ‘दिल्ली दौरे’ का तंज

सीएम भजनलाल शर्मा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री का अधिकतर समय दिल्ली में बीत रहा है। “जब से वे सीएम बने हैं, हर दूसरे-तीसरे दिन दिल्ली जा रहे हैं। उन्हें राजस्थान में रहकर सरकार चलानी चाहिए, लेकिन यहां पर्ची वाला सिस्टम आज भी जारी है। अगर किसी मंत्री या विधायक को सीएम से मिलना है तो पहले दिल्ली का टिकट कटवाना पड़ता है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह पूरी प्रणाली देश के प्रधानमंत्री की ओर से थोप दी गई है।

विधायक के आवास से ट्रैक्टर चोरी पर उठाए सवाल

विधायक डीसी बैरवा ने हाल ही में उनके आवास से चोरी हुए ट्रैक्टर की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सदर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर तो बरामद कर लिया, लेकिन चोर अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। बैरवा ने आरोप लगाया कि इस मामले में भी “सेटिंग” चल रही है। उन्होंने कहा, “अगर पुलिस चोरी हुआ ट्रैक्टर बरामद कर सकती है, तो चोरों को पकड़ने से किसने रोका? कहीं न कहीं चोरी और बरामदगी, दोनों में साठगांठ है।”

इस सभा के जरिए कांग्रेस ने एक बार फिर राजस्थान की भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया है और सामाजिक न्याय, प्रशासनिक पारदर्शिता व जनहित के मुद्दों पर सीधे सवाल दागे हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment