धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले की बरौली ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव से पहले हुई हिंसा और युवक की हत्या का असर सोमवार को मतदान प्रक्रिया पर भी देखने को मिला। गांव में फैली दहशत के चलते सुबह से ही मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालात ऐसे रहे कि सुबह 11 बजे तक एक भी मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचा। इसके चलते मतदान प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। बाद में प्रशासन की ओर से मृतक पक्ष के परिजनों और समर्थकों से बातचीत की गई, जिसके बाद मतदान में शामिल होने पर सहमति बनी। हालांकि, दोपहर 12 बजे तक भी मतदान शुरू नहीं हो पाया था।
सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों में विवाद, फायरिंग में युवक की मौत
दरअसल, रविवार देर रात सरपंच पद के प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हिंसक संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हुई फायरिंग में पीतम पुत्र कल्याण की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष का रिंकू घायल हो गया।
युवक की हत्या के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया। आक्रोशित लोगों ने दूसरे पक्ष के घरों पर हमला कर दिया और आगजनी की घटना को भी अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
मुख्य आरोपी रिंकू हिरासत में, 10 लोग डिटेन
धौलपुर एसपी विकास सांगवान ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी रिंकू को डिटेन कर लिया गया है। उसके पैर में चोट लगी है और उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस गार्ड तैनात किया गया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित अब तक 10 लोगों को डिटेन किया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, सोमवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम शुरू कराया गया।
प्रशासन की समझाइश के बाद मतदान को लेकर बनी सहमति
हिंसा और हत्या की घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है। इसी वजह से सोमवार सुबह मतदान केंद्र पर मतदाता नहीं पहुंचे। सुबह 11 बजे तक एक भी वोट नहीं डाले जाने के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक पक्ष के लोगों से बातचीत कर उन्हें मतदान में भाग लेने के लिए समझाया। बातचीत के बाद मतदान में शामिल होने पर सहमति बन गई। प्रशासन ने मतदान शुरू कराने की तैयारी भी की, लेकिन दोपहर 12 बजे तक मतदान प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







