डग कस्बे में 24 अप्रैल को हुए शंभू सिंह हत्याकांड के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। लगातार सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने शनिवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक गंगधार, भवानीमंडी और पिड़ावा उपखण्ड क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दीं।
शनिवार रात को उन्हेंल थाना क्षेत्र के रामपुरा सरवर गांव के जंगल में एक एसयूवी गाड़ी जली हुई हालत में मिली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने स्पष्ट किया कि जली हुई गाड़ी मुख्य आरोपी सोहेल खान की नहीं है। पुलिस गाड़ी के मालिक की पहचान में जुटी हुई है।
हत्या के मुख्य आरोपी सोहेल खान का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की हैं, जो मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और सहयोग बनाए रखें।
पुलिस प्रशासन ने सोहेल की अवैध संपत्तियों की जांच भी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सोहेल खान पिछले तीन वर्षों में मादक पदार्थों की तस्करी के जरिए अमीर बना है। उसके पास कई महंगी कारें और मोटरसाइकिलें हैं। वह सोशल मीडिया पर लग्जरी गाड़ियों और हथियारों के साथ वीडियो और रील्स भी पोस्ट करता रहा है।
इस बीच, डग कस्बे में अब शांति का माहौल है। रविवार को सभी बाजार और दुकानें सामान्य रूप से खुले रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने डग और चौमहला कस्बों में रूट मार्च भी किया। प्रशासन की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी अब भी एक चुनौती बनी हुई है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








