ईडी ने आप नेता सत्येंद्र जैन की ₹7.44 करोड़ की संपत्ति कुर्क की

आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत जैन की 7.44 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की हैं।

सीबीआई ने लगाए थे आरोप

सीबीआई ने जैन पर आरोप लगाया था कि उन्होंने फरवरी 2015 से मई 2017 के बीच दिल्ली सरकार में मंत्री रहते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। इससे पहले भी ईडी ने उनकी करीब 4.81 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। एजेंसी का कहना है कि नोटबंदी के बाद जैन के करीबी सहयोगी अंकुश जैन और वैभव जैन ने आय प्रकटीकरण योजना (IDF) के तहत बैंकों में नकद 7.44 करोड़ रुपये जमा किए थे।

जेल और जमानत

ईडी ने मई 2022 में सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया था। वे करीब 18 महीने जेल में रहे और अक्टूबर 2024 में कोर्ट ने उन्हें जमानत दी। कोर्ट ने कहा था कि ट्रायल में देरी और लंबी कैद के चलते वे जमानत के हकदार हैं।

भ्रष्टाचार मामले में मिली थी राहत

पिछले महीने सीबीआई ने भ्रष्टाचार के एक मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। यह मामला उस समय का था जब जैन लोक निर्माण विभाग मंत्री थे और एक निजी कंपनी को टेंडर देने से जुड़े आरोप लगे थे। अदालत ने इस मामले में उन्हें राहत दी थी।

कौन हैं सत्येंद्र जैन?

सत्येंद्र जैन आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और शकूरवस्ती से विधायक हैं। वे दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य, लोक निर्माण, उद्योग, बिजली, शहरी विकास और परिवहन मंत्री रह चुके हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment