जयपुर, [6 अक्टूबर 2025] — राजधानी जयपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार आधी रात भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में छह मरीजों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य झुलस गए। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में आईसीयू पूरा राख में तब्दील हो गया।
पुलिस बनी फरिश्ता — कूदकर बचाई 10 से अधिक जिंदगियां
इस घटना में एसएमएस थाना पुलिस के जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना कई मरीजों को बाहर निकाला। कांस्टेबल वेदवीर सिंह, हरि मोहन और ललित ने आग के बीच कूदकर 10 से ज़्यादा मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला। मरीजों को निकालते समय ये तीनों जवान बेसुध होकर गिर पड़े, फिलहाल उनका इलाज SMS की इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। कई पुलिसकर्मी धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी का सामना कर रहे हैं।
आग लगने का कारण — शॉर्ट सर्किट की आशंका
ट्रॉमा सेंटर के प्रमुख डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि आईसीयू में कुल 24 मरीज भर्ती थे, जिनमें से अधिकतर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। डॉक्टर धाकड़ ने बताया कि “आईसीयू के कई मरीज कोमा में थे और लगातार सपोर्ट सिस्टम पर थे। हमने उन्हें सपोर्ट सिस्टम के साथ दूसरे आईसीयू में स्थानांतरित किया है।”
स्थिति पर नजर — मुख्यमंत्री पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तुरंत SMS अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
क्या है SMS अस्पताल की अहमियत
जयपुर का सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS Hospital) राजस्थान का सबसे बड़ा और सबसे व्यस्त अस्पताल माना जाता है। यहां रोजाना हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं। ट्रॉमा सेंटर में अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन इस आग ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हादसे की वजह और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच जारी है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







