राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पश्चिम मध्य रेलवे ने कोटा मंडल के तीन महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों को जंक्शन का दर्जा दे दिया है। नई रेल लाइनों और कॉर्ड/बायपास लाइन शुरू होने के बाद गंगापुर सिटी, रामगंजमंडी और गुड़ला स्टेशनों को अब आधिकारिक रूप से जंक्शन घोषित किया गया है। रेलवे के इस फैसले को क्षेत्रीय विकास और बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन के अनुसार 15 मई 2026 से ये बदलाव प्रभावी हो गए हैं। इसके बाद अब इन स्टेशनों को क्रमशः गंगापुर सिटी जंक्शन, रामगंजमंडी जंक्शन और गुड़ला जंक्शन के नाम से जाना जाएगा।
यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएं
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जंक्शन बनने से इन स्टेशनों पर ट्रेनों के संचालन और कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। नई रेल लाइनों के जुड़ने से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन आसान होगा और यात्रियों को अधिक ट्रेन विकल्प मिल सकेंगे। इसके अलावा रेलवे नेटवर्क मजबूत होने से आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रेलवे का मानना है कि आने वाले समय में इन स्टेशनों का महत्व और बढ़ेगा।
स्टेशन कोड में नहीं होगा बदलाव
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि जंक्शन का दर्जा मिलने के बावजूद स्टेशनों के अल्फाबेटिकल और न्यूमेरिकल कोड में कोई बदलाव नहीं किया गया है। केवल स्टेशन के नाम में ‘जंक्शन’ शब्द जोड़ा गया है।
- गंगापुर सिटी का कोड GGC ही रहेगा
- रामगंजमंडी का कोड RMA रहेगा
- गुड़ला का कोड GQL ही रहेगा
रेलवे ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि स्टेशन रिकॉर्ड, दूरी तालिका, दस्तावेजों और सूचना प्रणाली में आवश्यक बदलाव जल्द पूरे किए जाएं।
रेलवे कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर भी हुई चर्चा
इसी बीच वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ की प्री-पीएनएम बैठक वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा के साथ आयोजित हुई। बैठक में रेलवे कर्मचारियों की कई समस्याओं और रिक्त पदों को लेकर चर्चा की गई। संघ के कोटा मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि बैठक में ट्रेन मैनेजरों की खाली पदों को जल्द भरने और नेम नोटिंग पॉलिसी में सुधार की मांग उठाई गई।
150 से 180 ट्रेन मैनेजर पदों पर भर्ती की तैयारी
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा ने बैठक में जानकारी दी कि रेलवे जल्द ही ट्रेन मैनेजरों के रिक्त पदों का आकलन कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। रेलवे के अनुसार लगभग 150 से 180 पद खाली हैं, जिन पर जल्द विज्ञापन जारी किया जा सकता है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन पदों पर भर्ती होने से संचालन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा कर्मचारियों पर कार्यभार भी कम होगा। बैठक में मजदूर संघ के मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह खींची, कार्यकारी मंडल अध्यक्ष राम चरण मीणा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







